IIT (ISM) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को मिलेगा महान शिक्षक पुरस्कार, 22 नवंबर को नई दिल्ली में होंगे सम्मानित
प्रो. सुकुमार मिश्रा
आइआइटी (आइएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो सुकुमार मिश्रा को उनके शैक्षणिक योगदान, शोध और तकनीकी शिक्षा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए महान शिक्षक पुरस्कार 2026 दिया जायेगा. 22 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मानित किया जायेगा.
धनबाद. आइआइटी (आइएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को प्रतिष्ठित पद्म विभूषण डॉ मुरली मनोहर जोशी महान शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है. उच्च शिक्षा, अभियांत्रिकी शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में शोध के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रो मिश्रा को यह सम्मान उनके आजीवन शैक्षणिक योगदान, शोध में उत्कृष्टता और तकनीकी शिक्षा को आगे बढ़ाने के प्रयासों के लिए दिया जायेगा. फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडेमिक्स (एफडब्ल्यूए) की चयन समिति ने सर्वसम्मति से उनके नाम का चयन किया है.
नई दिल्ली में 22 नवंबर को होगा सम्मान समारोह
प्रो सुकुमार मिश्रा को 22 नवंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जायेगा. समारोह में पद्म विभूषण डॉ मुरली मनोहर जोशी उन्हें पुरस्कार प्रदान करेंगे. यह सम्मान देश के बौद्धिक, वैज्ञानिक और सार्वजनिक जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले व्यक्तियों के आजीवन कार्यों को मान्यता देता है.
ये भी पढ़ें: जापान में शोध करेंगी IIT ISM की पलक जायसवाल, प्रतिष्ठित जेएसटी-लोटस फेलोशिप के लिए हुआ चयन
वर्ष 2025 में शुरू किये गये इस पुरस्कार का उद्घाटन भी पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री डॉ मुरली मनोहर जोशी ने किया था.
स्मार्ट ग्रिड और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अहम शोध
विद्युत अभियांत्रिकी के क्षेत्र में प्रो मिश्रा का शोध पावर सिस्टम, पावर क्वालिटी, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट ग्रिड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा है. ऊर्जा की बढ़ती मांग के बीच बिजली व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों को बढ़ावा देने में इन क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है. उनके शैक्षणिक और शोध संबंधी योगदान को इस पुरस्कार के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है.
मई 2024 से संभाल रहे हैं आइआइटी धनबाद का नेतृत्व
प्रो सुकुमार मिश्रा ने 15 मई 2024 को आइआइटी (आइएसएम) धनबाद के निदेशक का कार्यभार संभाला था. इससे पहले वह आइआइटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर में डीन (रिसर्च एंड एक्सटर्नल एंगेजमेंट) और एसोसिएट डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं.
कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से हो चुके हैं सम्मानित
शिक्षण, शोध और नवाचार के क्षेत्र में प्रो मिश्रा को पहले भी कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं. इनमें इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी का यंग साइंटिस्ट मेडल, इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग का यंग इंजीनियर अवार्ड, समंत चंद्रशेखर पुरस्कार, बिमल बोस पुरस्कार, एनएएसआइ-रिलायंस प्लेटिनम जुबली अवार्ड और आइएनएई आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवार्ड प्रमुख हैं. वह कई प्रतिष्ठित पेशेवर संस्थाओं के फेलो भी हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए