जसीडीह बाइपास रेलखंड पर पहली बार चली ट्रेन, गोड्डा सांसद व रेलवे जीएम के साथ स्कूली बच्चों ने किया सफर
रोहिणी स्टेशन पर खड़ी ट्रेन | Prabhat Khabar Network
जसीडीह बाइपास रेलखंड पर पहली पैसेंजर ट्रेन चली, जिसमें गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे और रेलवे जीएम ने सफर किया. अब देवघर-मधुपुर के बीच समय की बचत होगी.
जसीडीह. देवघर-रोहिणी बाइपास रेलखंड पर शुक्रवार को पहली बार पैसेंजर ट्रेन का परिचालन हुआ. उद्घाटन के बाद इस रेलखंड पर चलने वाली पहली स्पेशल ट्रेन से गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे, पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडे, आसनसोल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य समेत रेलवे के अन्य अधिकारियों ने देवघर स्टेशन से मधुपुर तक यात्रा की. इस ऐतिहासिक सफर में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए.
फूल-मालाओं से सजी स्पेशल ट्रेन
पहली बार बाइपास रेलखंड पर चलने वाली स्पेशल ट्रेन को फूल-मालाओं से सजाया गया था. नयी रेलवे लाइन पर ट्रेन के परिचालन के दौरान कुमराबाद-रोहिणी स्टेशन पर उत्साह का माहौल रहा. अधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों ने भी ट्रेन में सवार होकर बाइपास रेलखंड के सफर का अनुभव लिया. ट्रेन के परिचालन को लेकर रेलवे अधिकारियों और यात्रियों में खासा उत्साह देखा गया. स्कूली बच्चे रोहिणी स्टेशन पर उतर गये, जबकि ट्रेन अधिकारियों को लेकर मधुपुर की ओर रवाना हुई.
रोहिणी स्टेशन पर पांच मिनट रुकी ट्रेन
रोहिणी स्टेशन पर करीब छह मिनट तक ट्रेन रुकी. सभी बच्चों के ट्रेन से उतरने के बाद रवाना किया गया. इसके बाद बच्चे अपने-अपने स्कूलों के शिक्षकों के साथ स्कूल रवाना हो गये. जसीडीह बाइपास रेलखंड से पैसेंजर ट्रेन के पहली बार गुजरते देखने के लिए रोहिणी व आसपास में लोग जुटे रहे. लोगों में ट्रेन को लेकर खासा उत्साह दिखा. स्थानीय लोगों ने रोहिणी स्टेशन के प्लेटफॉर्म व रेलवे फाटक के किनारे खड़े होकर पहली बार बाइपास से पैसेंजर ट्रेन को गुजरते देखा. इस दौरान लोगों ने सेल्फी व वीडियो भी बनाये. कुमराबाद-रोहिणी बाइपास रेलखंड के चालू होने से देवघर आने-जाने वाली ट्रेनों को जसीडीह में इंजन रिवर्सल की जरूरत नहीं होगी. इससे देवघर, दुमका और गोड्डा की ओर जाने वाली ट्रेनों के परिचालन में समय की बचत होगी.





आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए