बोकारो में क्लिनिक में इलाज के दौरान छह माह के बच्चे की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
बोकारो के क्लिनिक में इलाज के दौरान छह माह के बच्चे की मौत से हड़कंप मच गया. परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.
बोकारो. शहर के को-ऑपरेटिव कॉलोनी स्थित एक प्राइवेट क्लिनिक में शनिवार को इलाज के दौरान करीब छह माह के एक बच्चे की मौत हो गयी. बच्चा चंदनकियारी का रहने वाला था. घटना के बाद परिजनों ने क्लिनिक के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों व डॉक्टर से पूछताछ की.
भाप देने के दौरान बिगड़ी बच्चे की तबीयत : परिजन
बच्चे के पिता विकास दास ने बताया कि उनके बच्चे का इलाज शुरू से ही क्लिनिक में चल रहा था. शनिवार को बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर उसे क्लिनिक लाया गया. पिता के अनुसार, डॉक्टर ने बच्चे को निमोनिया होने की बात कही और दवा देने के साथ भाप देने की सलाह दी.
ये भी पढ़ें: बोकारो के कैंप दो में घर में घुसकर दंपती पर चाकू से हमला, दोनों घायल
परिजनों का आरोप है कि भाप देने के दौरान बच्चे की स्थिति बिगड़ गयी और उसकी मौत हो गयी. इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गयी. वहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों ने क्लिनिक में हंगामा शुरू कर दिया.
डॉक्टर ने लापरवाही के आरोप को किया खारिज
वहीं, डॉ. ने इलाज में लापरवाही के आरोपों को खारिज किया है. उनका कहना है कि बच्चे की स्थिति पहले से ही गंभीर थी. क्लिनिक पहुंचने पर उन्होंने बच्चे को भर्ती करने की सलाह दी थी. परिजनों की सहमति के बाद दवा दी गयी और सांस लेने में परेशानी को देखते हुए नेबुलाइजेशन कराया गया.
डॉक्टर के अनुसार, बच्चे की स्थिति बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गयी.
हंगामे के बाद पुलिस ने की पूछताछ
घटना के बाद क्लिनिक में हंगामा होता देख वहां मौजूद नर्स, कंपाउंडर और डॉक्टर के बाहर निकल जाने की बात सामने आयी. बीएस सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली और परिजनों व डॉक्टर से पूछताछ की. मामले में दोनों पक्षों के दावों के बीच पुलिस की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

