बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर, बोकारो में सामान्य से 431% अधिक बारिश
बादलों से घिरे सड़क की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का असर बोकारो में दिखा, जहां सामान्य से 431% अधिक बारिश दर्ज की गई. इस झमाझम बारिश और हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया, बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और कॉर्पोरेट कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम का सहारा लेना पड़ा.
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का असर सोमवार को बोकारो में देखने को मिला. अहले सुबह से शुरू हुई झमाझम बारिश का दौर दोपहर तक जारी रहा. बीच-बीच में बारिश की रफ्तार कम हुई, लेकिन कुछ देर बाद फिर तेज बारिश शुरू हो गयी. जिला में सोमवार को 17.5 मिमी बारिश दर्ज की गयी, जो सामान्य से 431 प्रतिशत अधिक है. आमतौर पर 31 अगस्त को बोकारो में 3.3 मिमी बारिश होती है.
आपके शहर में
बारिश और हवा से जनजीवन प्रभावित
झमाझम बारिश के साथ करीब 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को और असहज बना दिया. तेज बारिश और हवा के बीच राहगीरों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी हुई. बाजारों में भी बारिश का असर दिखा. दुकानदारी के समय लगातार बारिश होने के कारण कई दुकानों के शटर बंद रहे.
कॉरपोरेट क्षेत्र में काम करने वाले कई कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के आधार पर वर्क फ्रॉम होम किया. वहीं, जरूरी काम से घरों से निकले लोगों को बारिश के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ी.
घर से निकलते ही शुरू हो जाती थी बारिश
सोमवार को मौसम का मिजाज लगातार बदलता रहा. बारिश कुछ देर के लिए थमती, तो लोग अपने जरूरी काम से घरों से निकलते. लेकिन बाहर निकलते ही दोबारा बारिश शुरू हो जाती. कई लोग रेनकोट और छाता साथ रखने के बावजूद बारिश में भीगते नजर आये. राहगीरों को बारिश के बीच सुरक्षित तरीके से आवागमन करना पड़ा.
दोपहर बाद मौसम ने ली करवट
सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर दोपहर तक जारी रहा. दोपहर बाद बारिश की रफ्तार कम होकर फुहार में बदल गयी. इसके बाद करीब तीन बजे से बादल छंटने लगे. हालांकि, धूप पूरी तरह नहीं निकली और सूर्य की रोशनी मद्धिम रही. शाम को मंद हवाओं के बीच मौसम खुशनुमा हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए