बेरमो के अमलो में 64 टन अवैध कोयला जब्त, ड्रोन और श्वान दस्ते की मदद से छापेमारी
photo. ज़ब्त कोयला | Prabhat Khabar Network
बेरमो में CISF ने कोयला चोरी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अमलो क्षेत्र से 64.470 टन कच्चा कोयला जब्त किया. ड्रोन और प्रशिक्षित श्वान दस्ते की मदद से अवैध कोयला कारोबार पर अंकुश लगाया गया.
बेरमो. कोयला चोरी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ और सीसीएल सुरक्षा विभाग ने अमलो क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान 5 नंबर पीपल धोरा बस्ती के पास अवैध रूप से जमा करीब 64.470 टन कच्चा कोयला बरामद कर जब्त किया गया. कार्रवाई में ड्रोन सर्विलांस और सीआईएसएफ के प्रशिक्षित श्वान दस्ते की भी मदद ली गयी. जब्त कोयला सीसीएल प्रबंधन को सौंप दिया गया.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि बेरमो थाना क्षेत्र के अमलो स्थित 5 नंबर पीपल धोरा बस्ती में अवैध रूप से कोयला जमा किया गया है. सूचना के सत्यापन के बाद सीआईएसएफ क्राइम ब्रांच ने संबंधित महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी. इसके बाद छापेमारी के लिए आवश्यक वाहनों और जेसीबी की व्यवस्था की गयी.
कमांडेंट के निर्देश पर सीआईएसएफ की टीम ने बस्ती क्षेत्र में सघन छापेमारी की. इस दौरान करीब 64.470 टन कच्चा कोयला बरामद हुआ, जिसे जब्त कर सीसीएल प्रबंधन के हवाले कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: बोकारो में 5 नवंबर को एक घंटे चलेगा #DownloadECINet अभियान, स्कूल-कॉलेजों में डाउनलोड कराया जायेगा ECINet ऐप
ड्रोन और प्रशिक्षित श्वान दस्ते की ली गयी मदद
अभियान के दौरान ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गयी. इससे संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा कोयले से संबंधित जानकारी जुटाने में मदद मिली. वहीं, सीआईएसएफ के प्रशिक्षित श्वान दस्ते ने संदिग्ध स्थानों की जांच और तलाशी में सहयोग किया.
सुरक्षा बलों के अनुसार, तकनीकी निगरानी और टीमों के समन्वय से छापेमारी अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा किया गया.
खसमहल क्षेत्र में चलाया गया रात्रिकालीन अभियान
अमलो में छापेमारी से पहले पिछली रात खसमहल क्षेत्र में सीआईएसएफ ने रात्रिकालीन क्षेत्र प्रभुत्व अभियान चलाया. इसका उद्देश्य क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना था.
छापेमारी दल में सहायक कमांडेंट केवी श्रीधर, इंस्पेक्टर रवि रंजन, आरके सरोज, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, धर्मेंद्र प्रसाद, मुकेश शर्मा, सीआईएसएफ क्यूआरटी टीम और अन्य जवान शामिल थे. सीसीएल की ओर से गार्ड इंचार्ज शिलचंद, गार्ड अनाम वारिस, माणिक दिगार और जितेंद्र रजक समेत अन्य कर्मियों ने सहयोग किया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए