रांची: सीबीआइ(आर्थिक अपराध शाखा) ने 9.63 करोड़ रुपये की बैंक जालसाजी के मामले में रांची और जमशेदपुर में छापामारी की. जमशेदपुर और रांची के नौ अभियुक्तों ने मिल कर फर्जी दस्तावेज के आधार पर पंजाब नेशनल बैंक(साकची) जमशेदपुर से 9.63 करोड़ रुपये कर्ज लिये थे.
छापामारी के दौरान अभियुक्तों के ठिकानों से जालसाजी से संबंधित दस्तावेज जब्त किये गये हैं. रांची सीबीआइ ने पंजाब नेशनल बैंक में हुई इस जालसाजी से जुड़े अभियुक्तों के ठिकानों पर सुबह नौ बजे से छापामारी शुरू की. सीबीआइ ने राकेश कपूर नामक अभियुक्त के रांची (लालपुर) स्थित आवास पर छापा मारा. इसके अलावा जमशेदपुर के नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अमरेंद्र कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह और मनोज कुमार दास के ठिकानों पर छापा मारा.
गौरतलब है कि सीबीआइ ने दो मई 2014 को पंजाब नेशनल बैंक की साकची शाखा में हुई जालसाजी के सिलसिले में दो प्राथमिकी (आरसी 5/2014 और आरसी 6-2014) दर्ज की थी. आरसी 5/2014 में नरेंद्र श्रीवास्तव और उसकी पत्नी मीरा श्रीवास्तव सहित अन्य पर फरजी दस्तावेज के सहारे 9.63 करोड़ रुपये कर्ज लने का आरोप लगाया गया है.
इनके यहां हुई छापामारी
नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जमशेदपुर
मीरा श्रीवास्तव, जमशेदपुर
अमरेंद्र कुमार सिंह, जमशेदपुर
विजय कुमार सिंह, जमशेदपुर
मनोज कुमार दास, जमशेदपुर
राकेश कपूर, रांची