रांची: झारखंड में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन भी लगभग समूचे राज्य में घने बादल छाये रहे और हल्की से तेज वर्षा दिन भर होती रही जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की गयी तथा अनेक इलाकों में ठंड जैसा मौसम हो गया. विभाग ने अगले चौबीस घंटों में भी बदली छायी रहने और वर्षा की भविष्यवाणी की है.
राज्य में लगातार हो रही वर्षा से लोगों ने दस दिनों से जारी भीषण गर्मी से राहत महसूस की. मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को भी झारखंड के पूर्वी इलाकों और पश्चिम बंगाल की सीमा पर कम दबाव का क्षेत्र बना रहा जिसके चलते राज्य की राजधानी रांची, जमशेदपुर, गढवा, हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, पलामू, दुमका समेत लगभग समूचे राज्य में लगातार दूसरे दिन भी घने बादलों के बीच रिमझिम वर्षा होती रही जिससे सभी स्थानों पर तापमान में और गिरावट दर्ज की गयी.
रांची में ही लगभग आठ मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गयी जबकि पडोस के औद्योगिक नगर जमशेदपुर में चार मिमी वर्षा रिकार्ड की गयी. दोनों स्थानों पर देर रात तक वर्षा अनवरत जारी है जिससे रांची के तापमान में जहां चार डिग्री सेल्शियस की और गिरावट आयी वहीं जमशेदपुर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गयी. इन दोनों शहरों के अलावा राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान में गिरावट के चलते मौसम सुहावना हो गया.