सत्य निकेतन-सीमापुरी के बाद हर्ष विहार में हादसा, निर्माणाधीन मकान गिरने से 2 की मौत
रेस्क्यू कार्य में जुटी टीम (Photo/X)
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके के मिलन गार्डन में निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. सोमवार सुबह बचाव अभियान के दौरान दोनों के शव मलबे से निकाले गए. हादसा रविवार, 25 अक्टूबर 2026 की शाम हुआ था. दमकल विभाग, पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीमों ने रातभर राहत और बचाव अभियान चलाया.
दिल्ली दमकल सेवा के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:46 बजे मकान गिरने की सूचना मिली. इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. पुलिस, NDRF, सिविल डिफेंस और अन्य बचाव दल भी घटनास्थल पर पहुंचे. शुरुआत में मलबे में दो लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई थी.
पुरानी इमारत के ऊपर बन रही थी नई मंजिल
पुलिस के अनुसार, मकान पहले से एक मंजिला था और उसके ऊपर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नई मंजिल के लिए स्लैब डाला जा रहा था. इसी दौरान पुरानी छत का हिस्सा कमजोर होकर गिर गया और ऊपर का नया स्लैब भी ढह गया.
PTI ने एक्स पर शेयर की शव बरामद किए जाने की जानकारी-
दो लोगों के फंसे होने की मिली थी जानकारी
दमकल अधिकारी रविंदर सिंह के मुताबिक, बचाव दल ने सोमवार सुबह मलबे में तलाशी के दौरान दोनों शव बरामद किए. शवों को CATS एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया.अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की जानकारी नहीं है, लेकिन मलबा हटाने का काम पूरा होने तक टीमें मौके पर रहेंगी.
ये भी पढ़ें: Cyclone Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात के कारण कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें कहां चलेगी तेज हवा
दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं इमारत गिरने के हादसे
यह घटना दिल्ली में इमारतों के गिरने से हुए हालिया हादसों के बीच सामने आई है. इससे पहले 7 अक्टूबर को न्यू सीमापुरी में इमारत गिरने से कई लोगों की मौत हुई थी. वहीं, सितंबर में सत्य निकेतन में एक इमारत ढहने से सात लोगों की जान गई थी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए