पटना के हाइटेक वाहन चोर, पुलिस कॉलोनी से कंप्यूटराइज्ड लॉक तोड़ गाड़ी लेकर हुए फरार, जीपीएस भी उखाड़ फेंका
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 Jun 2023 4:15 AM
पटना के अनिसाबाद पुलिस कॉलोनी में लगी एक गाड़ी के गेट में कंप्यूटराइज्ड लॉक लगा था, लेकिन पटना के हाइटेक चोरों ने उसे भी खोल लिया और गाड़ी लेकर फरार हो गए. इतना ही नहीं चोरों ने गाड़ी में लगे जीपीएस को भी उखाड़ कर फेंक दिया.
पटना. गर्दनीबाग थाने की अनिसाबाद पुलिस कॉलोनी में रहने वाले निकेश कुमार की स्कॉर्पियो का कंप्यूटराइज्ड लॉक तोड़ कर चोर ले भागे. जिस जगह पर यह घटना हुई है, उसके आसपास कई पुलिस अधिकारियों का भी घर है. इसके बावजूद यह घटना घटित हो गयी. खास बात यह है कि स्कॉर्पियो में जीपीएस भी लगा था. लेकिन उसे दोपुलवा के सुजाता मार्केट के समीप चोरों ने संभवत: उखाड़ फेंका और पटना-पुनपुन रोड से होते हुए मसौढ़ी की ओर निकल गये. जीपीएस के कारण वाहन का लोकेशन दोपुलवा तक ही मिला. दीगर बात यह है कि स्कॉर्पियो के गेट में कंप्यूटराइज्ड लॉक लगा था, उसे भी चोरों ने खोल लिया. इससे यह स्पष्ट है कि चोरों ने मोबाइल या लैपटॉप में इंस्टॉल किसी एप से उस लॉक को तोड़ने में सफलता पायी.
निकेश कुमार ने अपनी गाड़ी संख्या बीआर 01 पीजी 4452 को अपने पुलिस कॉलोनी घर संख्या बी 77 के सामने 28 जून की रात को लगाया था. इसके बाद जब वे 29 जून की सुबह छह बजे उठे, तो गाड़ी अपनी जगह पर नहीं थी. इसके बाद जब मोबाइल से गाड़ी के जीपीएस के माध्यम से खोजना शुरू किया, तो पता चला कि 29 जून के अहले सुबह करीब तीन बजे गाड़ी पुलिस कॉलोनी से चली है और गर्दनीबाग वाले रोड से मीठापुर होते हुए गया लाइन के किनारे सुजाता मार्केट दोपुलवा के पास पहुंची है. इसके बाद जीपीएस ने लोकेशन नहीं बताया.
इधर, गर्दनीबाग थाने के दमड़िया इलाके के देवकी नंदन इंकलेव अपार्टमेंट परिसर में लगी बाइक को चोरों ने गायब कर दिया और उसे फुलवारीशरीफ के कुर्जी मोहम्मदपुर इलाके में भूमिगत कर दिया. उस बाइक में भी जीपीएस लगा था, जिसके कारण बाइक का लोकेशन कुर्जी मोहम्मदपुर तक का ही मिला. इस बाइक चोरी की प्राथमिकी अंजली कुमारी ने दर्ज करायी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










