सीवान: भगवानपुर हाट में खेत की तारबंदी से मौत, करंट लगने से मजदूर महिला की मौके पर मौत
फोटो : मृतका के घर पर जुटी लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
बिहार के भगवानपुर हाट में खेत में काम करने गई 55 वर्षीय महिला की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Siwan News : भगवानपुर थाना क्षेत्र के कौड़ियां मुसहर टोला में रविवार को खेत में मजदूरी करने गयी 55 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गयी. मृतका की पहचान कौड़ियां मुसहर टोला निवासी सीताराम मुसहर की पत्नी राधिका देवी के रूप में हुई है. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
खेत में प्रवेश करते ही करंट की चपेट में आयीं
बताया जाता है कि राधिका देवी रविवार की सुबह सुघरी गांव निवासी हरिमोहन सिंह के खेत में मजदूरी करने गयी थीं. खेत में लगी फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए चारों ओर तार से घेराबंदी की गयी थी. इस घेराबंदी में 'झटका' नामक यंत्र के माध्यम से करंट प्रवाहित किया जा रहा था.
राधिका देवी जैसे ही खेत में प्रवेश करने लगीं, उनका शरीर करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया. करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गयी.
बेटी के सामने मां ने तोड़ा दम
मृतका के साथ खेत पर गयी उनकी बेटी ने बताया कि उसकी मां खेत में प्रवेश ही कर रही थीं कि अचानक करंट की चपेट में आ गयीं. वह कुछ समझ पाती, उससे पहले ही उनकी मां जमीन पर गिर गयीं. आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. सूचना मिलने पर भगवानपुर हाट थाना के एसआई कौशलेन्द्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बीच दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से मामले को सुलझाने के प्रयास की भी चर्चा रही. हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती थीं राधिका
राधिका देवी अत्यंत गरीब परिवार से थीं और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं. उनके परिवार में दो पुत्र और पांच पुत्रियां हैं. उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ उनके घर पर जुट गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए