प्रभात खबर इंपैक्ट: सीवान सदर अस्पताल में फिर शुरू हुई सीबीसी जांच, सिविल सर्जन ने 24 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट

Updated:
विज्ञापन

प्रभात खबर में छपी खबर

सीवान सदर अस्पताल में सीबीसी जांच ठप होने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है. डाइल्यूंट उपलब्ध कराते ही जांच सेवा बहाल कर दी गई है, जिससे मरीजों को राहत मिली है.

विज्ञापन

Siwan Sadar Hospital: डेंगू और वायरल फीवर के मौसम में सदर अस्पताल की पैथोलॉजी में दो दिनों से सीबीसी जांच बंद रहने की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया है. मरीजों की परेशानी और अस्पताल की जांच व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली खबर प्रकाशित होने के बाद सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह को जांच का निर्देश दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सिविल सर्जन ने अधीक्षक को पूरे मामले की जांच कर स्पष्ट मंतव्य के साथ 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. इससे सीबीसी जांच बंद होने के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.

डाइल्यूंट उपलब्ध करा शुरू करायी गयी सीबीसी जांच

इधर, सीबीसी जांच में इस्तेमाल होने वाले डाइल्यूंट की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गयी है. सिविल सर्जन ने बताया कि डाइल्यूंट उपलब्ध करा कर जांच शुरू कर दी गयी है. इससे मरीजों को सीबीसी जांच के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा.

डेंगू और वायरल फीवर के मौसम में सीबीसी जांच को महत्वपूर्ण माना जाता है. जांच सेवा बंद रहने के कारण मरीजों को निजी पैथोलॉजी में जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था. स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई के बाद अब मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है.

सीबीसी बंद होने को लेकर सामने आये थे अलग-अलग दावे

गौरतलब है कि गुरुवार को ‘प्रभात खबर’ ने ‘सदर अस्पताल में दो दिन से सीबीसी जांच बंद, डेंगू-वायरल के मौसम में मरीजों की बढ़ी मुश्किलें’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. खबर में पैथोलॉजी कर्मियों द्वारा डाइल्यूंट उपलब्ध नहीं होने को जांच बंद रहने का कारण बताया गया था, जबकि अस्पताल प्रबंधक ने सीबीसी मशीन खराब होने की बात कही थी.

एक ही समस्या को लेकर सामने आये दोनों अलग-अलग दावों से अस्पताल की जांच व्यवस्था पर सवाल उठे थे. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच का आदेश दिया है.

24 घंटे में अधीक्षक को देनी है जांच रिपोर्ट

सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल अधीक्षक को पूरे मामले की जांच कर स्पष्ट मंतव्य के साथ 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है. अब विभागीय जांच में यह स्पष्ट होगा कि सीबीसी जांच बंद होने के पीछे वास्तविक कारण डाइल्यूंट की कमी थी या मशीन में तकनीकी खराबी.

एसटीएफआई और सीरम इलेक्ट्रोलाइट जांच के लिए रीजेंट भी उपलब्ध होगा

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि शुक्रवार को एसटीएफआई और सीरम इलेक्ट्रोलाइट जांच के लिए आवश्यक रीजेंट भी उपलब्ध कराया जायेगा. इसके बाद इन जांचों को भी शुरू कराया जायेगा. स्वास्थ्य विभाग ने जांच सेवाओं को सुचारू करने की दिशा में तत्काल कदम उठाया है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन