सीवान : महिला थाने की पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में उत्तर प्रदेश से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. महिला थाना कांड संख्या 51/16 में महिला थानाध्यक्ष पूनम कुमारी ने यूपी के लार थाने के देवसिया गांव से विनोद कुमार सिंह व सत्येंद्र सिंह को गिरफ्तार किया.
गुठनी थाने के जतौर निवासी वंश बहादुर सिंह की पुत्री व विनोद कुमार सिंह की पत्नी ने महिला थाने में अपनी ससुराल के लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करायी थी. उसने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. वहीं दूसरी ओर महिला थानाध्यक्ष ने गोरखपुर के शाहपुर थाने के शक्ति नगर निवासी जितेंद्र चौबे, शैल चौबे व कृति चौबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
इस मामले में जितेंद्र चौबे की बहू रश्मि चौबे ने महिला थाने में कांड संख्या 87/16 दर्ज कर अपने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का अारोप लगाया था. रश्मि चौबे सीवान जिले के नौतन थाने के प्रतापपुर गांव की रहने वाली हैं.