सीतामढ़ी में फिर बदला मौसम का मिजाज, दोपहर बाद घने बादल और बारिश, अगले तीन दिन अलर्ट
झमाझम बारिश
सीतामढ़ी में मौसम का मिजाज बदला, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर का असर.अगले 3 दिन बारिश और वज्रपात की चेतावनी। जानें मौसम का पूरा हाल.
Sitamarhi Weather: सीतामढ़ी. जिले में शनिवार को मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया. सुबह से दोपहर तक मौसम कुछ खुला रहा और हल्की धूप भी निकली, लेकिन दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गये. इसके साथ तेज हवा चली और रुक-रुककर बारिश की बौछारें पड़ती रहीं. समाचार लिखे जाने तक बारिश का दौर जारी था.
खराब मौसम के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा. लोग घरों में ही रहने को मजबूर रहे, जबकि बाजारों में भी सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही. बारिश और खराब मौसम का असर कारोबार पर भी दिखाई दिया.
बंगाल की खाड़ी के लो प्रेशर का असर

भारत मौसम विज्ञान विभाग के हवाले से जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं.
उन्होंने बताया कि लो प्रेशर सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने के कारण नमी वाली हवाएं बिहार की ओर पहुंच रही हैं. इसके साथ ही मानसून ट्रफ के बिहार के करीब से गुजरने के कारण मौसम सक्रिय बना हुआ है.
तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना
मौसम प्रणाली के प्रभाव से जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. शनिवार को दिनभर हवा की गति तेज रही. दोपहर बाद लगातार बारिश होने से सड़कों पर भी वाहनों और राहगीरों की आवाजाही कम दिखाई दी.
बारिश के कारण तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ, लेकिन मौसम में ठंडक महसूस की गयी. खराब मौसम के चलते सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं.
बाजार और जनजीवन पर पड़ा असर
दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू होने के बाद लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले. बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ रही.
सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम दिखाई दी. बारिश जारी रहने के कारण स्थानीय कारोबार पर भी इसका असर पड़ा. मौसम साफ नहीं होने से लोगों ने बाहर निकलने से परहेज किया.
अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार
जिला कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. राम ईश्वर प्रसाद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक जिले में बारिश की संभावना बनी हुई है. हालांकि इस दौरान बीच-बीच में मौसम खुलने और धूप निकलने की भी संभावना है.
उन्होंने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी है. किसानों से बारिश और संभावित वज्रपात को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की भी अपील की गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए