पुपरी में एनएच-527सी ओवरब्रिज बना रीलबाजों का अड्डा, हादसे को दावत दे रहे युवा

फोटो - एनएच 527 सी पर रील बनाते | Prabhat Khabar Network
पुपरी का NH-527C ओवरब्रिज आम जनता की सुविधा के बजाय रील बनाने वाले युवाओं का अड्डा बन गया है. सख्त हिदायतों के बावजूद, युवा खतरनाक स्टंट और यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया है.
Pupri Overbridge Reels: पुपरी में एनएच-527सी पर निर्मित ओवरब्रिज आम जनता के सुगम आवागमन और सुविधा के लिए बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में यह जगह रील और यूट्यूब वीडियो बनाने वाले युवाओं का प्रमुख अड्डा बन चुकी है. स्थानीय प्रशासन की लाख कोशिशों और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) द्वारा दो से तीन बार किए गए औचक निरीक्षण व सख्त हिदायत के बावजूद पुल पर युवाओं का जमावड़ा खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. रविवार की शाम करीब 5 बजे ओवरब्रिज पर भारी संख्या में पहुंचे युवकों की भीड़ ने यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाईं.
फ्लाईओवर पर अवैध पार्किंग और रेलिंग पर बैठकर खतरनाक स्टंट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाईओवर पर दर्जनों की संख्या में मोटरसाइकिलें बेतरतीब ढंग से खड़ी थीं. कई युवक पुल की ऊंची रेलिंग पर जान जोखिम में डालकर बैठे नजर आए, तो कुछ बीच सड़क पर खड़े होकर सेल्फी और वीडियो बनाने में व्यस्त थे. इसी दौरान पुल से कई तेज रफ्तार भारी वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे बड़ी दुर्घटना की स्थिति बनी रही. स्थानीय नागरिक रुपेश कुमार और उदय कुमार ने बताया कि रोजाना दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक ब्रिज पर हुड़दंगी युवकों की भारी भीड़ उमड़ती है. इस दौरान मुख्य सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर दिए जाने से पूरा ब्रिज अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील हो जाता है.
पुलिस गश्ती और नो-पार्किंग बोर्ड लगाने की मांग
लोगों का कहना है कि पूर्व में एसडीओ ने स्वयं आकर युवकों को कड़ी चेतावनी दी थी, लेकिन यह यूट्यूब ग्रुप कोई बात समझने को तैयार नहीं है. यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि रीलबाजों की यह लापरवाही किसी दिन किसी बड़े हादसे को अंजाम दे सकती है. स्थानीय जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि प्रतिदिन शाम 3 से 6 बजे के बीच ओवरब्रिज पर नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए. साथ ही पुल पर 'नो पार्किंग' और 'नो स्टॉपेज' का बोर्ड लगाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए.
ये भी पढ़ें: सीतामढ़ी में गोवंश संरक्षण के लिए चलेगा बड़ा अभियान, कराए जाएंगे 5 लाख हस्ताक्षर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










