सीतामढ़ी नगर निगम के कर्मचारियों ने दिया अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो 3 नवंबर से फिर करेंगे हड़ताल
नगर निगम कार्यालय द्वार पर एकता का प्रदर्शन करते नगर निगम के संघ से जुड़े कर्मचारी गण
सीतामढ़ी नगर निगम के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की तैयारी में हैं. 30 अक्टूबर को घेराव और 3 नवंबर से हड़ताल की चेतावनी दी गई है.
Sitamarhi News: सीतामढ़ी. लंबित मांगों के समाधान में देरी से नाराज नगर निगम कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी की है. बिहार लोकल बॉडिज इंप्लाइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के संयुक्त मोर्चा ने 30 अक्टूबर को सीतामढ़ी नगर निगम मुख्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है. इसके बाद भी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर 3 नवंबर से दोबारा हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी गई है. संयुक्त मोर्चा ने इस संबंध में नगर आयुक्त को पत्र सौंपकर पूर्व सूचना दी है. वहीं, बुधवार को निगम कार्यालय में संघ के स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की.
30 अक्टूबर को नगर निगम मुख्यालय का होगा घेराव
संयुक्त मोर्चा ने प्रबंधन को 29 अक्टूबर तक मांगों पर ठोस और संतोषजनक कार्रवाई करने तथा वार्ता की तिथि निर्धारित करने की अपेक्षा जताई है. मोर्चा का कहना है कि यदि निर्धारित समय तक समाधान की दिशा में पहल नहीं हुई, तो 30 अक्टूबर को नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया जाएगा.
संगठन ने चेतावनी दी है कि इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 3 नवंबर से हड़ताल शुरू की जा सकती है.
आठ दिवसीय हड़ताल के बाद हुए फैसलों के अनुपालन की मांग
मोर्चा ने कहा है कि 30 जुलाई से 6 अगस्त 2026 तक चली आठ दिवसीय हड़ताल समाप्त कराने के दौरान नगर विकास एवं आवास मंत्री की उपस्थिति में बैठक हुई थी. उस बैठक में लिए गए निर्णयों और विभागीय निर्देशों का अब तक पूरी तरह अनुपालन नहीं हुआ है. इससे स्थायी, दैनिक पारिश्रमिक, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मियों में नाराजगी है.
वेतन भुगतान और दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग
संयुक्त मोर्चा की प्रमुख मांगों में कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित मासिक बैठक करना शामिल है. इसके अलावा हड़ताल की अवधि को उपस्थिति मानकर वेतन भुगतान करने, काटे गए वेतन की राशि वापस करने और हड़ताल के कारण की गई दंडात्मक कार्रवाई को वापस लेने की मांग की गई है.
मोर्चा ने कर्मियों के नाम, पदनाम, कार्यावधि और शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य विवरण विभाग को उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है.
निगम कार्यालय में बैठक कर दिखाई एकजुटता
आंदोलन की तैयारी को लेकर बुधवार को नगर निगम कार्यालय में संघ के स्थानीय पदाधिकारियों और सदस्यों की बैठक हुई. इसमें लंबित मांगों, विभागीय फैसलों के अनुपालन और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई. बैठक में जिला इकाई के पदाधिकारी चंदन राउत, संजय कुमार पप्पू, अरुण कुमार चौबे सहित दर्जनों निगम कर्मचारी शामिल हुए.
संयुक्त मोर्चा के नेताओं ने कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा. उन्होंने इसकी जिम्मेदारी नगर निगम प्रबंधन की होने की बात कही है.
ये भी पढ़ें: छठ पर सियालदह-सीतामढ़ी के बीच चलेगी विशेष ट्रेन : जाने किन स्टेशनों पर होगा ठहराव
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
