Watch Video : शेखपुरा में छठ गीतों से गूंजे घाट, डूबते सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य
शेखपुरा जिले के विभिन्न छठ घाटों पर रविवार शाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. छठव्रतियों ने पारंपरिक गीत गाते हुए डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, जबकि स्वयंसेवी संस्थाओं ने घाटों पर रोशनी और सजावट की व्यवस्था की. सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न होगा.
लोक आस्था के चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठव्रतियों ने शेखपुरा जिले के विभिन्न घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. रविवार को दिन ढलने के साथ ही छठव्रती पूरे परिवार के साथ छठ गीत गाते हुए घाटों के लिए रवाना हुए. गाजे-बाजे के साथ श्रद्धालुओं की भीड़ छठ घाटों पर पहुंची, जहां छठव्रतियों ने अर्घ्य देकर भगवान भास्कर की आराधना की.

पूरे जिले में छठ महापर्व की धूम रही और चारों ओर भक्तिमय वातावरण बना रहा. छठ पूजा को लेकर विभिन्न घाटों पर स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की सुविधा के मद्देनजर घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया था. साथ ही घाटों पर रोशनी की भी विशेष व्यवस्था की गई थी.

शहर के रतोइया, अरघौती पोखर, हसनगंज, कच्ची रोड, टाटी नदी, एकसारी, एकसारी बीघा, चढ़िहारी, कमासी और पचना सहित अन्य छठ घाटों पर छठव्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी मौके पर जुटे रहे और छठव्रतियों की सेवा एवं सहायता में लगे रहे. विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी घाटों पर छठव्रतियों की सेवा में अपना योगदान दिया.
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय छठ महापर्व
सोमवार को छठ महापर्व के चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ पर्व संपन्न हो जाएगा. इससे पहले शनिवार को छठव्रतियों ने खरना किया था, जबकि शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत हुई थी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
