मुजफ्फरपुर के बाद शेखपुरा में भी नाले की खुदाई के दौरान फटी PNG पाइपलाइन, गैस रिसाव से मची अफरातफरी
घटनास्थल पर पहुंचे अग्निशमन कर्मी.
शेखपुरा में नाला निर्माण के दौरान PNG गैस पाइपलाइन लीक हुई। स्थानीय लोगों की तत्परता और प्रशासन की मदद से बड़ा हादसा टल गया. जानिए क्या हुआ.
Sheikhpura PNG Gas Leakage : शेखपुरा. शहर के गिरिहिंडा मुहल्ले में नगर परिषद की ओर से नाला निर्माण के लिए करायी जा रही खुदाई के दौरान PNG गैस की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गयी. इससे गैस का रिसाव शुरू हो गया और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गयी. घटना गिरिहिंडा स्थित हॉस्पिटल के पीछे की है, जहां जेसीबी से खुदाई की जा रही थी. स्थानीय लोगों की सूझबूझ और अग्निशमन विभाग तथा PNG कर्मियों की तत्परता से समय रहते गैस की आपूर्ति बंद करा दी गयी और संभावित बड़ा हादसा टल गया.
गैस रिसाव की सूचना से मचा हड़कंप
पाइपलाइन फटने के बाद गैस का रिसाव शुरू होते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने फायर सेफ्टी ऑफिसर, इंडियन ऑयल के जूनियर इंजीनियर और स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया. सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों ने त्वरित कार्रवाई शुरू की.
अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां पहुंचीं
PNG गैस लीकेज की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं. अग्निशमन कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. इसी बीच PNG कंपनी के एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और गैस की आपूर्ति बंद कर दी. इसके बाद गैस का रिसाव रुक गया और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली.
बिना समन्वय के निर्माण कार्य पर उठे सवाल
इस घटना ने निर्माण कार्यों के दौरान संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय स्तर पर यह चिंता जतायी जा रही है कि जमीन के भीतर बिछायी गयी गैस पाइपलाइन और अन्य उपयोगिता सेवाओं की जानकारी लिये बिना खुदाई करने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है.
सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी
विकास और निर्माण कार्य शहर की प्रगति के लिए जरूरी हैं, लेकिन इनके दौरान जनसुरक्षा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए. निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करना और भूमिगत पाइपलाइनों की स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है. साथ ही आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
