शिवहर के तीन प्रखंडों में शुरू हुई डिग्री कॉलेज की पढ़ाई, ग्रामीण छात्रों को बड़ी सौगात

उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री डॉ श्वेता गुप्ता, सांसद लवली आनंद, डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network
शिवहर जिले के पिपराही, डुमरी कटसरी और पुरनहिया प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का विधिवत शुभारंभ हो गया है. इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों, विशेषकर बेटियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर से ऑनलाइन उद्घाटन किया.
Sheohar News: जिले के शिक्षा जगत के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा. ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के उद्देश्य से पिपराही, डुमरी कटसरी और पुरनहिया प्रखंडों में नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया. इससे अब ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
भागलपुर से मुख्यमंत्री ने किया ऑनलाइन शुभारंभ
भागलपुर में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 नवस्थापित डिग्री कॉलेजों में एक साथ पठन-पाठन का शुभारंभ किया. उन्होंने इसे बिहार में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अब युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी.
तीन प्रखंडों में शुरू हुआ डिग्री कॉलेज का संचालन
शिवहर जिले में पिपराही प्रखंड के शीतलपट्टी विद्यालय (मीनापुर बलहा पंचायत), डुमरी कटसरी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुलकाहां तथा पुरनहिया प्रखंड के उच्च विद्यालय बराही जगदीश परिसर में डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया गया है.
पिपराही में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री सह विधायक डॉ. श्वेता गुप्ता और सांसद लवली आनंद शामिल हुईं. मंत्री ने कहा कि इन कॉलेजों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. सांसद लवली आनंद ने इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक बोझ भी कम होगा.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव, विशेष कार्य पदाधिकारी प्रेम सागर मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य सौरव, मीनापुर बलहा पंचायत के मुखिया अवधेश कुमार, जदयू नेता दिग्विजय सिंह, लोजपा (रा.) जिलाध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, जदयू जिलाध्यक्ष कमलेश पांडे, युवा जदयू जिलाध्यक्ष हेमंत कुमार, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, डॉ. राम बहादुर गुप्ता, अशोक चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










