शिवहर की हरनाही पंचायत में सहयोग शिविर, 142 में 139 आवेदनों का मौके पर निष्पादन
लाभार्थी को डमी चेक देते डीडीसी संजय कुमार, एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी एवं अन्य | Prabhat Khabar Network
शिवहर में आयोजित सहयोग शिविर में 142 आवेदनों में से 139 का मौके पर निष्पादन हुआ. ग्रामीणों को सीधे प्रशासन से समस्या समाधान का मिला अवसर.
शिवहर: आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिवहर सदर प्रखंड की हरनाही पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. ब्रह्मस्थान दुर्गा मंदिर के निकट आयोजित शिविर में डीडीसी संजय कुमार और एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने भाग लिया.
सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार के निर्देश और जिला स्तर पर निर्धारित पंचायतवार रोस्टर के तहत आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित कुल 142 आवेदन दिये. इनमें से 139 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि तीन आवेदन अस्वीकृत किये गये. इस तरह शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों पर निर्णय लिया गया.
एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिली. उन्हें अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और समाधान पाने का अवसर मिला.
जनता और प्रशासन के बीच संवाद का माध्यम है सहयोग शिविर
डीडीसी संजय कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान करना है. सहयोग शिविर जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं निर्भीक होकर सक्षम पदाधिकारी के समक्ष रखें. साथ ही शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें.
लाभार्थियों को मिले डमी चेक और जन्म प्रमाण-पत्र
शिविर के दौरान दोनों अधिकारियों ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत शौचालय निर्माण के लिए लाभार्थी सियासुन्दर देवी और मंजु कुमारी को प्रोत्साहन राशि के डमी चेक प्रदान किये.
इसके अलावा वेदांत कुमार, शानवी राज, सावरी कुमार, सुजीत कुमार, रिशिता कुमारी और नेहा कुमारी को जन्म प्रमाण-पत्र वितरित किये गये. शिविर स्थल पर ही प्रमाण-पत्र मिलने से लाभार्थियों और उनके परिजनों के चेहरे खिल उठे.
शिवहर में 19 नवंबर से राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता
शिवहर: जिला प्रशासन की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल कराटे बालक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ 19 नवंबर को होगा. प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक गांधी नगर भवन में आयोजित की जायेगी.
जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अहमर अब्दाली ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी भाग लेंगे. उद्घाटन समारोह 19 नवंबर को सुबह 11 बजे होगा.
जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने खेल प्रेमियों, अभिभावकों और गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया है. प्रशासन ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए लोगों से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की है.
यह भी पढ़ें
शिवहर एसपी ने पुलिस केंद्र का किया निरीक्षण, जनता दरबार में सुनीं लोगों की शिकायतें
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
