सफाई एजेंसी पर 12 हजार रुपये का जुर्माना

Published at :01 Mar 2025 10:08 PM (IST)
विज्ञापन
सफाई एजेंसी पर 12 हजार रुपये का जुर्माना

Sasaram news. शहर के जोन एक में वार्ड 10, 11, 12 व 13 की सफाई सहित अन्य समस्याओं का नगर आयुक्त सह उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को निरीक्षण किया.

विज्ञापन

सासाराम कार्यालय. शहर के जोन एक में वार्ड 10, 11, 12 व 13 की सफाई सहित अन्य समस्याओं का नगर आयुक्त सह उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय ने शनिवार को निरीक्षण किया. इस दौरान संबंधित वार्ड के पार्षद और नगर निगम के अधिकारी भी थे. सुबह में निरीक्षण के दौरान जगह-जगह डंप कूड़ों को देख नगर आयुक्त ने जोन एक में कार्यरत सफाई एजेंसी देवी शक्ति पर 12 हजार रुपये बतौर अर्थदंड अधिरोपित किया. इसके साथ ही सफाई संतोषजनक नहीं पायी जाने पर जोन के सफाई प्रभारी सतीश प्रकाश गुप्ता का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया. निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने असंतोषजनक सफाई व्यवस्था देख सफाई प्रभारियों को अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगा कर कार्य कराने का निर्देश दिया और कहा कि अतिरिक्त सफाई कर्मियों को देय भुगतान की रकम सफाई एजेंसी से काटी जायेगी. गजराढ़ मुहल्ले में संचालित खटालों से हो रही गंदगी पर आयुक्त ने सफाई प्रभारी को सभी को चिन्हित करते हुए नोटिस देने का निर्देश दिया.

शहर में विकसित होगा सेल्फी प्वाइंट

स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के तहत शहर में तीसरा पक्ष का निरीक्षण होना है. इसकी तैयारी के लिए आयुक्त ने स्वच्छता प्रभारी और जोन में कार्यरत सफाई एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्र में सेल्फी प्वाइंट विकसित करने का निर्देश दिया.

त्योहार व मॉनसून को लेकर सजग होने का दिया निर्देश

त्योहार और मॉनसून के मद्देनजर शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने मातहतों को सफाई एजेंसी के साथ प्रतिदिन शाम पांच बजे बैठक करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से शहर के नालों की सफाई की जाए. गैस पाइप लाइन के नाला का अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध जुर्माना लगाया जाए. इसके साथ ही प्रतिदिन एन्टी लार्वा के छिड़काव के साथ मच्छर निवारक फॉगिंग कराया जाए. इसके लिए सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी को निर्देश दिया. साथ ही तकिया मोहल्ले में जलापूर्ति यूनिट में खराब मोटर की मरम्मत कराने के साथ वहां तीसरा बोरिंग लगाने का निर्देश दिया.

लोगों ने कहा-कर्मी बात सुने, तो शहर बदल जायेगा

नगर आयुक्त के निरीक्षण और निर्देशों को सुनने व देखने वालों ने त्वरित टिप्पणी करते हुए कहा कि नगर आयुक्त पैदल चल सफाई देख रहे हैं. बहुत मेहनत कर रहे हैं. पर, नगर निगम के कर्मचारियों व अफसरों का स्वभाव बदल दें, तो लोगों पर मेहरबानी होगी. साहब को अपने दिये निर्देशों की दो दिन बाद जांच करनी चाहिए. खुलासा हो जाएगा. किसने निर्देशों का कितना पालन किया. खैर, साहब मेहनत कर रहे हैं. इसके लिए धन्यवाद.

चलो कोरम पूरा करते हैं, कुछ जुर्माना वसूलते हैं

शनिवार को नगर निगम ने नो वेंडिंग जोन में ठेला-खोमचा वालों से जुर्माना काटा. उनकी इस कार्रवाई को देख लोगों ने चुटकी ली, चलो कोरम पूरा करते हैं, कुछ जुर्माना वसूलते हैं. कितना जुर्माना वसूला यह बताने में निगम के अफसर सक्षम नहीं हो सके. लेकिन, दबी जुबान से निगम के अफसर यह जरूर कह गए कि इच्छा है, पर हमें शक्ति नहीं मिल रही है. कई बार पुलिस बल के लिए बड़े साहबों से कहा गया. एक दिन मिलता है और बाकी दिन हमें असुरक्षा के बीच सड़क पर जाना पड़ता है. अब डर लगने लगा है. कहीं हम लोगों पर हमला ना हो जाए. नो वेंडिंग जोन में रोज-रोज खिचखिच होने लगा है. हमलोग एक टाइम काम कर रहे हैं. अगर पुलिस बल मिलता, तो सुबह से देर रात तक 15 दिन काम हो, तो 26 लाख खर्च कर बना वेंडिंग जोन गुलजार हो जाएगा. कड़ाई नहीं होने के कारण वेंडर सड़क पर डटे हैं.

नो वेंडिंग जोन को खाली कराने के लिए चौथी बार दंडाधिकारी नियुक्त

नो वेंडिंग जोन को खाली कराने और नये वेंडिंग जोन तक वेंडरों को पहुंचाने में अब तक असफल अनुमंडल प्रशासन ने एक बार फिर (इस वर्ष में चौथी बार) दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है. ये दंडाधिकारी आगामी सात मार्च तक सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक सड़क पर रहेंगे और नो वेंडिंग जोन में ठेला-खोमचा वालों को कारोबार करने से रोकेंगे. इसके साथ ही वेंडरों को पुराने बस पड़ाव में बने वेंडिंग जोन में भेजने का कार्य करते हुए अतिक्रमण भी हटवाएंगे. अपने आदेश पत्र में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा है कि तीन बार सात जनवरी, 21 जनवरी और 16 फरवरी को इस कार्य के लिए दंडाधिकारियों की नियुक्ति की जा चुकी है. परन्तु उक्त कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है. इसलिए पुन: एक मार्च से सात मार्च तक के लिए दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाती है. चंदेश्वरी काली मंदिर से करगहर मोड तक सड़क के दोनों तरफ बीडीओ जनार्दन तिवारी व निगम के नगर प्रबंधक अजहर हुसैन, करगहर मोड़ से पोस्ट ऑफिस चौक तक सड़क के दोनों तरफ उप नगर आयुक्त मैमुन निशा व सीओ सुधीर कुमार ओंकारा तथा पोस्ट ऑफिस चौक से धर्मशाला चौक तक सड़क के दोनों तरफ कार्यपालक दंडाधिकारी मो. गुलाम शाहिद व सहायक लोक स्वच्छता अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी कुमार अनुगम प्रतिनियुक्त रहेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन