शादी के बाद भी जारी रखी पढ़ाई, मेहनत के दम पर सारण की शिल्पी बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर
फोटो- शिल्पी
रसूलपुर की बहू शिल्पी कुमारी ने नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है. दिसंबर 2024 में शादी के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया.
Assistant Professor Shilpi Kumari: रसूलपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर चट्टी की बहू शिल्पी कुमारी ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है. शिल्पी कुमारी ने अररिया जिले के नरपतगंज प्रखंड में नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में योगदान दिया है. उनकी इस उपलब्धि की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.
आपके शहर में
राजकीय डिग्री कॉलेज में दिया योगदान
शिल्पी कुमारी ने नरपतगंज प्रखंड में खुले राजकीय डिग्री कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान देकर अपनी शैक्षणिक और पेशेवर उपलब्धि दर्ज की है. ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह मुकाम हासिल करने पर स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है.
उनकी सफलता को क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में शिल्पी की सफलता से अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
दिसंबर 2024 में हुई थी शादी
शिल्पी कुमारी की शादी दिसंबर 2024 में रसूलपुर निवासी चन्द्रकांत द्विवेदी उर्फ बब्लू दुबे के पुत्र हर्ष भारद्वाज के साथ हुई थी. शादी के बाद भी शिल्पी ने अपनी पढ़ाई और करियर को जारी रखा और अब असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर योगदान देकर अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया है.
शिल्पी की इस उपलब्धि से उनके ससुराल पक्ष के साथ मायके के लोगों में भी खुशी का माहौल है. परिजनों और शुभचिंतकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने दी बधाई
शिल्पी कुमारी की सफलता पर रसूलपुर के मुखिया प्रतिनिधि मिथलेश प्रसाद, उपमुखिया मनोज सोनी ‘नन्हे’, सरपंच प्रतिनिधि विकास कुमार, बल्टु दुबे सहित क्षेत्र के कई शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं.
स्थानीय लोगों ने कहा कि शिल्पी ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर न केवल अपने परिवार का गौरव बढ़ाया है, बल्कि रसूलपुर क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है. लोगों ने उम्मीद जतायी कि शिल्पी आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए