राजस्थान से छपरा आ रही बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटी, सारण के दो यात्रियों समेत तीन की मौत
क्षतिग्रस्त बस की तस्वीर
राजस्थान से छपरा आ रही यात्रियों से भरी बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलट गयी. हादसे में तीन यात्रियों की मौत और 30 से 45 लोगों के घायल होने की सूचना है. घायलों का लखनऊ के अस्पतालों में इलाज चल रहा है.
सारण. छठ महापर्व पर अपने घर लौट रहे छपरा और आसपास के जिलों के यात्रियों के लिए सोमवार की सुबह दर्दनाक खबर लेकर आयी. राजस्थान से बिहार के छपरा आ रही यात्रियों से भरी एक बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर मोहान जीरो प्वाइंट के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गयी. इस भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गयी, जबकि 30 से 45 यात्रियों के घायल होने की सूचना है. मृतकों में दो की पहचान बिहार के छपरा निवासी 63 वर्षीय शंकर रज्जक और 43 वर्षीय शामली राय के रूप में हुई है. वहीं, तीसरे मृतक 35 वर्षीय पुरुष की पहचान नहीं हो सकी है.
जानकारी के अनुसार, प्रियांशु राज नामक लग्जरी स्लीपर बस राजस्थान के भिवाड़ी/रेवाड़ी से यात्रियों को लेकर बिहार आ रही थी. बस में करीब 52 से 60 यात्री सवार थे. इनमें छपरा, सीवान और गोपालगंज जिले के बड़ी संख्या में यात्री शामिल थे. बताया जा रहा है कि बस वाया सीवान होते हुए छपरा पहुंचने वाली थी. दीपावली के बाद छठ महापर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बस हादसे का शिकार हो गयी.
लोकबंधु अस्पताल और केजीएमयू में चल रहा घायलों का इलाज
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. राहत एवं बचाव दल ने स्थानीय पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घायलों को लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल और किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. घायलों की शुरुआती सूची में छपरा निवासी 50 वर्षीय रामविलास सहित सारण क्षेत्र के अन्य यात्रियों के नाम भी सामने आये हैं.
छपरा और आसपास के यात्रियों के परिजनों में चिंता
हादसे की खबर सामने आने के बाद छपरा और आसपास के इलाकों में यात्रियों के परिजनों के बीच चिंता का माहौल है. परिजन अपने स्वजनों की कुशलक्षेम जानने के लिए जानकारी जुटा रहे हैं. वहीं, स्थानीय प्रशासन की ओर से उत्तर प्रदेश के लखनऊ प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर घायलों की जानकारी लेने और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की पहल की जा रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए


