बाइक की ठोकर से महिला की दर्दनाक मौत, मुआवजे की मांग को ले सड़क जाम
जाम करते ग्रामीण
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला की तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-28 को घंटों जाम कर दिया और मुआवजे की मांग की.
Bike Accident Samastipur: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र स्थित नागरगामा पंचायत के विश्वासपुर गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ. सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
आपके शहर में
Samastipur News: सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा
मृतका की पहचान विश्वासपुर गांव के वार्ड संख्या-3 निवासी स्व. रामजी दास की पत्नी आशा देवी (58 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, आशा देवी किसी काम से सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हादसे को अंजाम देने के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
ihar Hit and Run Incident: आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
महिला की मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर यातायात बाधित कर दिया. ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी बाइक चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतका के आश्रितों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की. सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पुलिस के आश्वासन के बाद खुला जाम
घटना की सूचना मिलते ही दलसिंहसराय थाना पुलिस के अधिकारी प्रणय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने उग्र ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य माध्यमों से फरार चालक की पहचान कर जल्द कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और आवागमन बहाल हुआ.
परिजनों में मचा कोहराम, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जाम खत्म होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी है. आशा देवी की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके दोनों बेटों संतोष दास और बैजू दास का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरा गांव गमगीन माहौल में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए