जर्जर सड़क पर ग्रामीणों ने की धान की रोपाई, जलजमाव के विरोध में अनोखा प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

समस्तीपुर के खानपुर में 10 साल से जर्जर सड़क और जलजमाव से परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अपना विरोध जताया। प्रशासन से जल्द निर्माण की मांग की।

विज्ञापन

Samastipur News: समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड की पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड संख्या-7 स्थित हरिहरपुर खेढ़ी में शनिवार को ग्रामीणों ने वर्षों से जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या के विरोध में सड़क पर जमा पानी में धान की रोपाई कर अनोखा प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

10 वर्षों से जर्जर है सड़क

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 10 वर्षों से सड़क की स्थिति बेहद खराब है. बरसात के मौसम में महीनों तक पानी जमा रहने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो जाता है. उनका कहना है कि सड़क पर जलजमाव के कारण यह पहचानना भी कठिन हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां.

दुर्घटनाओं और बीमारियों का बढ़ा खतरा

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन बाइक सवार और राहगीर दुर्घटनाग्रस्त होते हैं. कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं. लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरों और कीड़े-मकोड़ों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक और वायरल बीमारियों का खतरा बना हुआ है.

विधायक के आश्वासन के बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण

ग्रामीणों ने बताया कि 15 मई को स्थानीय विधायक मांजरिक मृणाल ने सड़क का निरीक्षण किया था और सड़क तथा नाला निर्माण जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया था. हालांकि, अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी है.

सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा, "यह अब सड़क नहीं, खेत बन चुका है. जब सड़क नहीं बन रही है तो इसमें खेती ही कर लेते हैं." उनका कहना था कि जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को रोज जलजमाव से होकर गुजरना पड़ता है.

प्रदर्शन में इंदु देवी, पवन कुमार झा, रौशन कुमार चौधरी, दीपक चौधरी, महेश महतो, रोशन कुमार चौधरी उर्फ बबलू, कुंदन चौधरी, चंद्रभूषण चौधरी, निर्मला देवी, आशा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन