ePaper

बिहार में जहरीला पेय पदार्थ पीने से हुई मौतों पर सियासत तेज, कांग्रेस अध्यक्ष बोले- हादसे के लिए ‘मौकापरस्त डबल सरकार’ जिम्मेदार

Updated at : 17 Oct 2024 4:59 PM (IST)
विज्ञापन
बिहार में जहरीला पेय पदार्थ पीने से हुई मौतों पर सियासत तेज, कांग्रेस अध्यक्ष बोले- हादसे के लिए ‘मौकापरस्त डबल सरकार’ जिम्मेदार

Bihar : मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सवाल किया कि बिहार में अवैध शराब का गैरकानूनी कारोबार क्यों चालू है?

विज्ञापन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बिहार में जहरीला पेय पदार्थ पीने से कई लोगों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और आरोप लगाया कि प्रदेश की ‘‘मौकापरस्त डबल सरकार’’ सैकड़ों लोगों की जान लेने के लिए जिम्मेदार है. उन्होंने यह दावा भी किया कि बिहार सरकार अवैध शराब के क़ारोबार को रोकने में विफ़ल साबित हुई है. बता दें कि बिहार के सीवान और सारण जिलों में कथित तौर पर जहरीला पेय पदार्थ पीने से बुधवार को छह लोगों की मौत हो गई थी और कई लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. 

बिहार सरकार फेल- खरगे

खरगे ने कहा, ‘‘बिहार के सीवान और सारण के 16 गांवों में जहरीली शराब से अब तक 36 लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जो बेहद पीड़ादायक और दुखद है.  पीड़ितों के शोकाकुल परिजनों को हमारी गहरी संवेदनाएं. सरकार से अनुरोध है कि दोषियों को न्यायसंगत कड़ी से कड़ी सज़ा दिलवाई जाए.’’ उन्होंने कहा कि इससे पहले और भी ज़िलों में लगातार अवैध शराब से कई लोगों ने जान गंवाई है जो बताता है कि बिहार सरकार अवैध शराब के क़ारोबार को रोकने में कितनी विफल है. 

खरगे ने साधा निशाना 

खरगे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अप्रैल 2023 में मोतिहारी में ज़हरीली शराब के सेवन से 26 लोगों की मृत्यु हुई थी. दिसंबर, 2022 में छपरा में 71 लोगों की जान चली गई थी और दर्जनों लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी. मार्च, 2022 में बांका में 12 लोगों की मृत्यु हुई. नवंबर, 2021 में गोपालगंज, बेतिया और मुजफ्फरपुर में ज़हरीली शराब पीने से 43 लोगों की मृत्यु हो गई थी.’’

मौकापरस्त डबल सरकार जिम्मेदार

उन्होंने सवाल किया, ‘‘2017 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी ने कहा था कि “मेरे जिंदा रहते बिहार में नहीं बिकेगी शराब”, शराबबंदी तो लागू हो गई, पर अवैध शराब का गैरकानूनी कारोबार क्यों चालू है?’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बिहार में मौकापरस्त डबल सरकार सैकड़ों लोगों की जान लेने के लिए ज़िम्मेदार है. 

विज्ञापन
Prashant Tiwari

लेखक के बारे में

By Prashant Tiwari

प्रशांत तिवारी डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत पंजाब केसरी से करके राजस्थान पत्रिका होते हुए फिलहाल प्रभात खबर डिजिटल के बिहार टीम तक पहुंचे हैं, देश और राज्य की राजनीति में गहरी दिलचस्पी रखते हैं. साथ ही अभी पत्रकारिता की बारीकियों को सीखने में जुटे हुए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन