पटना: बिक्रम में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत
बिक्रम में सड़क हादसे में मौत.
बिक्रम में एनएच 139 पर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों में मचा कोहराम.
बिक्रम (पटना): स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर गांव के समीप एनएच 139 मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार 50 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई. तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने आगे जा रही बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक का पहिया उसके सिर को कुचलते हुए आगे निकल गया, जिससे घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया.
अमीराबाद निवासी के रूप में हुई पहचान
मृतक की पहचान रानीतालाब थाना क्षेत्र के अमीराबाद गांव निवासी 50 वर्षीय मुशी यादव के रूप में की गई है. हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक अत्यधिक तेज गति में था. बाइक को रौंदने के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन अनियंत्रित स्थिति को देखते हुए आगे जाकर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया.
शव भेजा गया पोस्टमार्टम के लिए, ट्रक जब्त
सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही रानीतालाब थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है. पुलिस फरार ट्रक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
परिजनों में मचा कोहराम, गांव में शोक
मुशी यादव की असामयिक और दर्दनाक मौत की खबर जैसे ही अमीराबाद गांव स्थित उनके घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया. परिवार के सदस्यों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. अचानक घटी इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर बेतरतीब और तेज रफ्तार वाहनों के आवागमन पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से कड़ी गश्ती और गति नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है.
Also Read: QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी सोने-चांदी की ताजा कीमत, पाटलिपुत्र सर्राफा संघ की डिजिटल पहल
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए