दानापुर स्टेशन के बाहर शराब तस्करों और उत्पाद विभाग की टीम में नोकझोंक, चार बैग अंग्रेजी शराब के साथ दो गिरफ्तार
गिरफ्तार कर लेकर जाती पुलिस टीम
दानापुर स्टेशन पर शराब तस्करों से उत्पाद विभाग की टीम की भिड़ंत. तस्करों के पास से चार बैग अंग्रेजी शराब बरामद. इस घटना के बाद स्टेशन के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई.
Danapur Station Liquor Smuggling : दानापुर रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार की देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब सादे कपड़ों में छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम और शराब तस्करों के बीच नोकझोंक होने लगी. करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. बाद में खगौल पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को शांत कराया. उत्पाद विभाग की टीम ने दो आरोपितों को चार पिट्ठू बैग अंग्रेजी शराब के साथ पकड़ा.
सीमांचल एक्सप्रेस से शराब लेकर पहुंचे थे तस्कर
मिली जानकारी के अनुसार, तस्कर सीमांचल एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश से अंग्रेजी शराब की खेप लेकर दानापुर स्टेशन पहुंचे थे. इसकी सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग के एएसआइ मुन्ना कुमार जवानों के साथ सादे कपड़ों में स्टेशन के बाहर छापेमारी करने पहुंचे.
इसी दौरान शराब तस्करों और उत्पाद विभाग की टीम के बीच नोकझोंक शुरू हो गयी. बताया जा रहा है कि सादे कपड़ों में होने के कारण तस्कर टीम के सदस्यों को पहचान नहीं सके. देखते ही देखते मौके पर हंगामा होने लगा और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गयी.
खगौल पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति
हंगामे की सूचना मिलने पर खगौल पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और उत्पाद विभाग की टीम को सुरक्षा प्रदान की. इसके बाद टीम दोनों आरोपितों और बरामद अंग्रेजी शराब के साथ वहां से रवाना हुई.
स्टेशन के बाहर तस्करों की सक्रियता बढ़ने की चर्चा
स्थानीय स्तर पर दानापुर स्टेशन के बाहर शराब तस्करों की सक्रियता बढ़ने की बात कही जा रही है. ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश से शराब लाये जाने की सूचना पर उत्पाद विभाग लगातार छापेमारी कर रहा है.
खगौल थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि देर रात दानापुर स्टेशन के पास दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी. गश्ती दल मौके पर पहुंचा, तो पता चला कि उत्पाद विभाग की टीम अवैध शराब कारोबारियों को पकड़ने आयी थी. सादे कपड़ों में होने के कारण तस्कर टीम को पहचान नहीं सके. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उत्पाद विभाग की टीम को सहयोग किया.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए