पटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले हाजीपुर के रेलवे अकाउंट्स सहायक को ट्रक ने कुचला, मौत, पत्नी बाल-बाल बचीं
मृतक शशिकांत भगत की फाइल फोटो
Patna Road Accident : पटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले हाजीपुर के रेलवे अकाउंट्स सहायक शशिकांत भगत की तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई. उनकी पत्नी दुर्घटना में सुरक्षित बच गईं.
Patna Road Accident : पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के विग्रहपुर इलाके में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में रेलवे कर्मचारी शशिकांत भगत की मौत हो गयी. वह हाजीपुर रेल कार्यालय में अकाउंट्स सहायक के पद पर तैनात थे. हादसा न्यू बाइपास विग्रहपुर के पास हुआ. शशिकांत अपनी पत्नी के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया. उनकी पत्नी विनीता कुजूर इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गयीं.
सुबह छह बजे पत्नी के साथ निकले थे मॉर्निंग वॉक पर
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शशिकांत भगत और उनकी पत्नी विनीता कुजूर गुरुवार सुबह करीब छह बजे टहलने के लिए घर से निकले थे. दोनों न्यू बाइपास विग्रहपुर के पास मॉर्निंग वॉक कर रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में शशिकांत गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि उनकी पत्नी सुरक्षित बच गयीं.
इलाज के दौरान रेलवे सेंट्रल हॉस्पिटल में मौत
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल शशिकांत को करबिगहिया स्थित रेलवे सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचाया गया. वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही कई रेलकर्मी अस्पताल पहुंच गये. अस्पताल परिसर में सहकर्मियों और परिचितों की भीड़ जुट गयी.
पत्नी रेलवे अस्पताल में चीफ नर्सिंग सुपरिटेंडेंट
शशिकांत भगत की पत्नी विनीता कुजूर रेलवे सेंट्रल हॉस्पिटल में चीफ नर्सिंग सुपरिटेंडेंट के पद पर कार्यरत हैं. वह भी हादसे के समय पति के साथ थीं, लेकिन दुर्घटना में सुरक्षित बच गयीं. शशिकांत मूल रूप से रांची के अमरावती नगर के रहने वाले थे. वह अपने परिवार के साथ पटना के विग्रहपुर इलाके में किराये के फ्लैट में रहते थे. परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं.
रेलकर्मियों ने जताया शोक, ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग
शशिकांत की मौत की खबर से रेलवे कर्मचारियों और परिवार में शोक की लहर है. हाजीपुर रेलवे में कार्यरत वरिष्ठ कर्मचारी मनीष कुमार समेत कई रेलकर्मी अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना जतायी. कर्मचारियों ने फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की है.
अस्पताल की ओर से सूचना देने के बाद भी पुलिस पर देरी का आरोप
रेल कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की ओर से घटना की सूचना जक्कनपुर थाने को दी गयी थी, लेकिन करीब दो घंटे तक पुलिस का कोई अधिकारी बयान लेने नहीं पहुंचा. यह आरोप रेलकर्मियों की ओर से लगाया गया है. हादसे के बाद ट्रक चालक फरार है और उसकी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है.
Also Read : पटना के दो सड़क हादसों में पिता-पुत्र सहित 5 की मौत, ट्रक ने तीन को कुचला
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए