पटना: मसौढ़ी में गड्ढे में मिला जीविका के डाटा ऑपरेटर का शव, गला दबाकर हत्या की आशंका
मसौढ़ी में युवक का शव बरामद.
मसौढ़ी में गड्ढे में मिला जीविका डाटा एंट्री ऑपरेटर का शव. पुलिस को गला दबाकर हत्या की आशंका है. मामले की तफ्तीश जारी है.
Patna News: पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत दहिभत्ता स्थित जवाहर नगर मोहल्ले में उपकारा के पीछे सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में गुरुवार की सुबह जीविका के डाटा इंट्री ऑपरेटर का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान नालंदा जिले के पावापुरी थाना क्षेत्र स्थित दरियापुर गांव निवासी महेंद्र पुरी के 24 वर्षीय पुत्र श्लोक कुमार गिरी के रूप में हुई है. वह बीते सात वर्षों से मसौढ़ी स्थित जीविका कार्यालय में कार्यरत था और उपकारा के पीछे किराये के मकान में अकेले रहता था. प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है. मृतक के चेहरे और हाथ पर जख्म के निशान मिलने से पहले मारपीट किए जाने की बात सामने आ रही है. शव कमरे से महज 50 कदम दूर जलकुंभी के बीच पड़ा था.
साढ़े नौ बजे फोन आने पर निकला था, जीजा ने की शव की पहचान
सहकर्मियों के मुताबिक श्लोक बुधवार को ड्यूटी खत्म कर शाम पांच बजे कमरे पर लौटा था. मकान मालिक ने बताया कि रात करीब साढ़े नौ बजे किसी का फोन आने के बाद वह बाहर निकला, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा. गुरुवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना पर गया जिले के जीविका कार्यालय में कार्यरत उसके जीजा अजीत कुमार सबसे पहले मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की. पहले अजीत की पोस्टिंग भी मसौढ़ी में थी और श्लोक उन्हीं के साथ रहता था. घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे आनन-फानन में मसौढ़ी पहुंचे.
जहानाबाद की युवती से संपर्क और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि श्लोक का जहानाबाद की एक युवती से संपर्क था. उन्होंने अंदेशा जताया कि रात में किसी ने उसे शराब पीने के बहाने बाहर बुलाया होगा और फिर वारदात को अंजाम दिया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा. पुलिस श्लोक के मोबाइल की आखिरी कॉल डिटेल, युवती से बातचीत और अन्य सभी संभावित कोणों से तफ्तीश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
मिलनसार छवि का था श्लोक, हत्या की खबर से सहकर्मी स्तब्ध
श्लोक की नृशंस हत्या की खबर से जीविका कार्यालय के तमाम सहकर्मी और मोहल्ले के लोग गहरे सदमे में हैं. कार्यालय के कर्मियों ने बताया कि वह बेहद मिलनसार और होनहार युवक था, जिसका कभी किसी से कोई विवाद नहीं हुआ. स्थानीय चाय दुकानदार और आसपास के लोग भी उसकी सौम्य छवि को याद कर भावुक दिखे. हालांकि उसकी निजी जिंदगी के बारे में सहकर्मियों को बहुत ज्यादा जानकारी नहीं थी. कुछ लोगों के बीच उसके कोर्ट मैरिज करने की चर्चा जरूर थी, लेकिन किसी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए