पटना के फतुहा में शॉर्ट सर्किट से बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा-तफरी
शॉट सर्किट से लगी आग.
फतुहा में बिजली पोल और ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने से अफरातफरी मच गई. दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, टली बड़ी अनहोनी.
Patna News: फतुहा में रविवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक अफरा-तफरी मच गई. जब पूरा शहर गहरी नींद में था, तभी फतुहा पुरानी चौक के पास बिजली के पोल पर जोरदार आवाज के साथ शॉर्ट सर्किट हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे चिंगारियां गिरने और तार जलने से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए.
चौराहे के मेन ट्रांसफार्मर में भी धमाके के साथ लगी आग
अभी लोग पुरानी चौक की आग को समझ ही पा रहे थे कि तभी दूसरी तरफ से खबर आई कि फतुहा चौराहे के पास मेन ट्रांसफार्मर में भी तेज आवाज के साथ धमाका हुआ और ऊंची लपटें उठने लगीं. दो-दो जगह आग लगने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोगों को आसपास की दुकानों व घरों तक आग पहुंचने का डर सताने लगा.
मिनी दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
स्थानीय लोगों द्वारा बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड को सूचना दिए जाने पर फायरकर्मी सिकन्दर कुमार के नेतृत्व में मिनी दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने पहले पुरानी चौक के पोल और फिर चौराहे के ट्रांसफार्मर में लगी आग पर पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई.
डेढ़ घंटे बाधित रही बिजली, जर्जर तारों की जांच की मांग
आग लगने के बाद सुरक्षा के लिहाज से इलाके की बिजली काट दी गई, जिससे फतुहा पुरानी चौक, चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में करीब डेढ़ घंटे तक आपूर्ति बाधित रही. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पोल और ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद लोगों ने पुराने व जर्जर तारों और ट्रांसफार्मरों की समय-समय पर जांच कराने की मांग की है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए