एसटीएफ-पुलिस की दबिश में हथियार सप्लायर गिरफ्तार, घर से बरामद हुए दो नये देसी कट्टे
पुलिस गिरफ्त में आरोपी व बरादम कट्टा
धनरूआ में हथियार सप्लायर धनंजय प्रसाद एसटीएफ और पुलिस के हत्थे चढ़ा. उसके घर से दो देसी कट्टे बरामद हुए हैं. यह सप्लायर नालंदा से हथियार लाता था.
Dhanrua Arms Supplier Arrest : मसौढ़ी में एसटीएफ और धनरूआ पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार की दोपहर धनरूआ थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में छापेमारी कर दो नये देसी कट्टों के साथ कथित हथियार सप्लायर धनंजय प्रसाद (35) को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपित ओलीपुर गांव निवासी सुंदर यादव का पुत्र है. पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उसके घर पर छापेमारी की थी.
नालंदा से हथियार लाकर बेचने का आरोप
धनरूआ थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में धनंजय के हथियारों की सप्लाई से जुड़े होने की जानकारी सामने आयी है. पुलिस का दावा है कि वह नालंदा के चिकसौरा समेत अन्य स्थानों से हथियार लाकर स्थानीय स्तर पर बेचता था. हालांकि, हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क को लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
हत्या के मामले में जा चुका है जेल
थानाध्यक्ष के अनुसार, धनंजय पूर्व में हिलसा थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है. इसके साथ ही हथियार सप्लाई से जुड़े अन्य मामलों के बारे में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
हथियार कहां से आये, किसे देने थे, जांच जारी
पुलिस ने बरामद दोनों देसी कट्टों के स्रोत और उनके संभावित खरीदारों का पता लगाने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल धनंजय ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि हथियार कहां से लाये गये थे और उन्हें किसे सौंपना था. पुलिस हथियार सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए