Advertisement
निगम कर्मियों की हड़ताल से शहर हुआ कचरा-कचरा
पटना : नगर निगम के तृतीय व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की सांकेतिक हड़ताल का असर दिखने लगा है. हड़ताल के पहले दिन सफाई व्यवस्था पर खास असर नहीं पड़ा था. लेकिन, दूसरे दिन बुधवार को पूरा शहर कचरामय हो गया. बड़े-बड़े दावों के बावजूद निगम प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा […]
पटना : नगर निगम के तृतीय व चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की सांकेतिक हड़ताल का असर दिखने लगा है. हड़ताल के पहले दिन सफाई व्यवस्था पर खास असर नहीं पड़ा था. लेकिन, दूसरे दिन बुधवार को पूरा शहर कचरामय हो गया. बड़े-बड़े दावों के बावजूद निगम प्रशासन की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा सकी.
नतीजतन 80 प्रतिशत से अधिका कूड़ा प्वाइंटों से कचरे का उठाव नहीं हो सका. इससे कूड़ा प्वाइंटों पर कचरे का अंबार लगना शुरू हो गया है. गौरतलब है कि नगर आयुक्त ने चारों अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को पत्र लिख कर वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया था लेकिन इसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका.
निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों से भी कचरे का उठाव नहीं किया गया. बुधवार को स्थिति यह थी कि बोरिंग रोड, बोरिंग कैनाल रोड, एसके पुरी, बेली रोड, स्टेशन रोड, फ्रेजर रोड, अशोक राजपथ, गांधी मैदान की चारों तरफ, कदमकुआं, नाला रोड, पुराना बाइपास रोड, कंकड़बाग मेन रोड, डॉक्टर्स कॉलोनी, पीसी कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी, मुन्ना चौक आदि इलाकों से कचरे का उठाव नहीं किया गया.
कई जगहों पर आधी सड़क तक कचरा फैला था. इस वजह से लोगों को आने-जाने में भी दिक्कत हो रही थी. नगर निगम स्टाफ यूनियन के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक हड़ताल कर रहे हैं. साथ ही सैकड़ों की संख्या में निगमकर्मी काम छोड़ निगम मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं.
हड़ताल का नेतृत्व कर रहे यूनियन के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष भी दो बार धरना-प्रदर्शन किया, तो प्रशासन से वार्ता हुई. वार्ता में निगम प्रशासन ने मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक प्रक्रिया शुरू नहीं की गयी है. मजबूरन आंदोलन करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि गुरुवार तक सांकेतिक हड़ताल है. मांगें पूरी नहीं की गयीं, तो शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे. इस हड़ताल का जिम्मेवार निगम प्रशासन होगा.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Advertisement