मैट्रिक की परीक्षा कल से, शिक्षकों की हड़ताल से निबटने की तैयारी, केंद्र पर दो बार होगी परीक्षार्थियों की जांच

Author : Prabhat Khabar Digital Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 16 Feb 2020 4:45 AM

विज्ञापन

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी (सोमवार) से शुरू होने जा रही है. 24 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा को लेकर बोर्ड ने पूरी तैयारी कर ली है. वहीं नियोजित एवं प्राथमिक शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए डटे हैं. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद […]

विज्ञापन

पटना : बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक की परीक्षा 17 फरवरी (सोमवार) से शुरू होने जा रही है. 24 फरवरी तक चलने वाली इस परीक्षा को लेकर बोर्ड ने पूरी तैयारी कर ली है. वहीं नियोजित एवं प्राथमिक शिक्षक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए डटे हैं. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने साफ कहा कि हड़ताल का परीक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा. बोर्ड ने इस परीक्षा के लिए 38 जिलों में 1,368 केंद्र बनाये हैं. मैट्रिक परीक्षा में 15,29,393 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसमें छात्राओं की संख्या सबसे अधिक है. इस बार 7 लाख 83 हजार, 34 छात्राएं जबकि सात लाख 46 हजार, 359 छात्र होंगे.

यह जानकारी समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. मैट्रिक परीक्षा दो पालियों में होगी. इस दौरान प्रथम पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी पूरी परीक्षा के दौरान प्रथम पाली की परीक्षा में ही शामिल होंगे. द्वितीय पाली की परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी पूरी परीक्षा के दौरान द्वितीय पाली की परीक्षा में ही शामिल होंगे. प्रथम पाली की परीक्षा में 7,74,415 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 3,96,602 छात्राएं व 3,77,813 छात्र हैं. द्वितीय पाली की परीक्षा में 7,54,978 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जिसमें 3,86,432 छात्राएं व 3,68,546 छात्र हैं.
विभाग ने दी कार्रवाई की चेतावनी
परीक्षा के लिए प्रारंभिक, माध्यमिक एवं प्लस टू विद्यालयों के नियमित शिक्षकों की ड्यूटी लगायी गयी है. परीक्षा में व्यवधान डालने वाले शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन एवं एफआइआर दर्ज करने की कार्रवाई की चेतावनी विभाग ने दी है. नियोजित शिक्षकों को ड्यूटी में नहीं लगाया जाता है, लेकिन जो नियोजित शिक्षक ड्यूटी के लिए तैयार हैं उन्हें जिला अधिकारी ड्यूटी में लगा सकते हैं.
पटना में 74 सेंटर, सबसे अधिक छात्राएं होंगी शामिल
मैट्रिक के लिए पटना जिले में 74 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें 69,175 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इनमें 36,890 छात्राएं व 32, 285 छात्र शामिल होंगे. पटना जिले में भी छात्राओं की संख्या काफी अधिक है. पटना जिले में प्रथम पाली की परीक्षा में 34,920 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसमें 18,476 छात्राए व 16,444 छात्र शामिल होंगे. वहीं, द्वितीय पाली की परीक्षा में 34,255 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिसमें 18,414 छात्राएं व 15,841 छात्र शामिल होंगे.
जोन और सुपर जोन में बांटा गया केंद्र को
परीक्षा को लेकर सभी केंद्रों पर धारा 144 लगा दी गयी है. परीक्षा में सभी जिलों में दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, सुपर जोनल दंडाधिकारी तैनात रहेंगे. प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में स्टैटिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी है. भौगोलिक स्थिति को सुपर जोन एवं जोन में सेंटर को बांटा गया है. जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति पुलिस बल के साथ की गयी है.
एडमिट कार्ड में गड़बड़ी तो केंद्र पर जाना होगा पहचान पत्र लेकर
आनंद किशोर ने कहा कि वैसे परीक्षार्थी जिनके प्रवेश पत्र में फोटो की त्रुटि हो गयी है, उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गयी है. जिन स्टूडेंट्स के एडमिट कार्ड के फोटो में अगर गड़बड़ी हो या किसी अन्य की तस्वीर छपी हो तो छात्रों को पहचान पत्र के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा.
छात्र आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आइडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा फोटोयुक्त बैंक का पासबुक लेकर परीक्षा केंद्र पर आयें. इसके साथ ही पहचान पत्र की छायाप्रति राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित करा कर परीक्षा केंद्र पर जमा करना होगा. मूल पहचान पत्र के साथ परीक्षार्थी को स्वयं उपस्थित होना होगा. उन्होंने कहा कि केंद्राधीक्षक चेहरे का मिलान कर उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति देंगे.
इसके बाद ही छात्र को ओएमआर शीट व डाटारहित उत्तरपुस्तिका उपलब्ध करायेंगे. यदि किसी परीक्षार्थियों का एडमिट कार्ड गुम हो गया हो, या भूल से घर पर छूट गया हो, तो ऐसी स्थिति में उपस्थिति पत्रक में स्कैंड फोटो से उसे पहचान कर और रोल शीट से सत्यापित कर परीक्षा में बैठने की अनुमति देंगे.
मैट्रिक परीक्षा पर हड़ताल का नहीं पड़ेगा असर, व्यवधान उत्पन्न करने वालों पर होगी कार्रवाई
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि बिहार राज्य शिक्षक संघर्ष समन्वय समिति की प्रस्तावित बेमियादी हड़ताल से मैट्रिक परीक्षा कार्य प्रभावित होने की संभावना नहीं है. हड़ताल का असर परीक्षा पर नहीं पड़े, इसके लिए सरकार ने तैयारी पूरी कर ली है. सभी जिला अधिकारियों व जिला शिक्षा पदाधिकारियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है. वैसे काफी अधिक शिक्षक हैं. वीक्षण कार्य में करीब 65 हजार शिक्षकों की जरूरत है और इससे अधिक शिक्षक ड्यूटी के लिए तैयार हैं.
परीक्षा पर शिक्षकों की हड़ताल का कोई असर नहीं पड़ेगा. इधर शिक्षक संगठन आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं. शिक्षक संगठनों ने शिक्षकों के निलंबन व एफआइआर की धमकी से नहीं डरने की बात कही है.
समय से पहले पहुंचना होगा सेंटर पर
प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पहले सेंटर पर प्रवेश कर लेना होगा. 9:30 सुबह की परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को 9:20 तक सेंटर पर प्रवेश कर लेना होगा. द्वितीय पाली की परीक्षा 1:45 से शुरू होगी, इसके लिए 1:35 बजे तक परीक्षा भवन में प्र‌वेश करना होगा. लेट होने पर सेंटर में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी. दिव्यांग परीक्षार्थियों को प्रति घंटा 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जायेगा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन