नवादा में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
नवादा के नेया गांव की 25 वर्षीय खुशबू कुमारी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. मायके वालों ने पांच लाख रुपये दहेज मांगने और हत्या का आरोप लगाया है. दो माह का बच्चा मां से वंचित हो गया.
नवादा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नेया गांव निवासी अनीश कुमार की 25 वर्षीय पत्नी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मंगलवार की रात करीब 11 बजे पेट में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे. वहां परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गयी.
पांच लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
मृतका के पिता भारत सिंह ने बताया कि करीब दो साल पहले हिंदू रीति-रिवाज से उनकी बेटी खुशबू की शादी अनीश कुमार के साथ हुई थी. पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे. उनसे पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर खुशबू को लगातार परेशान किया जाता था.
भारत सिंह ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गयी. हालांकि, मायके पक्ष की ओर से लगाये गये इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
दो माह के मासूम के सिर से उठा मां का साया
खुशबू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी गोद में महज दो माह का बच्चा है. मां की मौत के बाद मासूम के सिर से ममता का साया उठ गया. अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
मुफस्सिल थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह ने बताया कि मामले में आवेदन मिला है. पुलिस इसकी जांच करेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जायेगी. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए