नवादा में नारियल पानी बेच रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, स्थानीय लोगों ने युवक को पीटा, दोनों पक्षों में FIR
इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा पीड़ित घायल | Prabhat Khabar Network
Nawada Crime News : नवादा में 65 वर्षीय नारियल पानी विक्रेता पर जानलेवा हमला हुआ. युवकों ने धारदार हथियार से पीटा, भीड़ ने एक आरोपी को दबोचा. घायलों का इलाज जारी हैै.
Nawada Crime News : नवादा शहर के कन्हाई स्कूल के समीप गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब ठेला लगाकर नारियल पानी बेच रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से बुजुर्ग की पिटाई की. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान रोह थाना क्षेत्र के रूस्तमपुर गांव निवासी विजय महतो के रूप में हुई है.
रोजी-रोटी के लिए लगाते थे नारियल पानी का ठेला
जानकारी के अनुसार, विजय महतो कन्हाई स्कूल के पास ठेला लगाकर नारियल पानी बेचते थे. इसी से वह अपनी रोजी-रोटी चलाते थे. बताया जाता है कि ठेले पर मौजूद रहने के दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर बिना किसी बात के उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और युवकों ने लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियार से भी हमला कर दिया.
भीड़ जुटते ही भागने लगे हमलावर, एक युवक पकड़ा गया
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों की भीड़ को आते देख हमलावर भागने लगे. इसी दौरान लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इस घटना में वह युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया. पकड़े गए युवक की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा निवासी दिलखुश कुमार के रूप में हुई है.
डायल 112 की पुलिस ने युवक को भीड़ से छुड़ाया
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ के कब्जे से युवक को छुड़ाया और अपने साथ ले गई. इसके बाद मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की. मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी की भी सूचना है.
अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज, जांच में जुटी पुलिस
घायल विजय महतो का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं, पकड़े गए युवक के घायल होने की भी जानकारी सामने आयी है. नगर थाना थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे की वजह और मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.
Also Read : नवादा सदर अस्पताल में हर दिन पहुंच रहे 500 से अधिक मरीज, रजिस्ट्रेशन काउंटर पर सुबह से लग रही भीड़
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए