मुजफ्फरपुर में दो बाइकों की टक्कर में युवक की मौत, शव रखकर तीन घंटे तक किया हंगामा
सांकेतिक तस्वीर
मीनापुर में दो बाइकों की टक्कर में घायल अरविंद प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव रखकर तीन घंटे तक हंगामा किया. पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया.
मुजफ्फरपुर: मीनापुर में दो बाइकों की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान सोमवार को मौत हो गयी. मृतक की पहचान सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के मंगेया गांव निवासी 37 वर्षीय अरविंद प्रसाद के रूप में हुई है. मौत की खबर के बाद परिजनों ने बनघारा के नजदीक मॉल के समीप शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया. पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर शांत कराया.
छठ का सामान खरीदने जा रहे थे अरविंद
मृतक की पत्नी नीलू देवी ने बताया कि रविवार की सुबह उनके पति छठ पर्व का सामान खरीदने घर से बनघारा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में दो बाइकों की टक्कर हो गयी. हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें पहले एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया. हालत बिगड़ने पर मुजफ्फरपुर से पटना ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गयी.
बताया गया कि दूसरी बाइक पर सवार युवक भी घायल हो गया था.
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया हंगामा
अरविंद की मौत के बाद परिजन शव को बनघारा के नजदीक मॉल के पास रखकर मुआवजे की मांग करने लगे. थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार राय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने करीब तीन घंटे तक लोगों को समझाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया.
पत्नी नीलू देवी ने बताया कि अरविंद मंगेया सड़क किनारे भूंजा और अंडा बेचने की दुकान चलाते थे. उनके परिवार में 15 वर्षीय बेटा पंकज और 10 वर्षीया बेटी गुड़िया कुमारी है. उन्होंने बच्चों के भरण-पोषण के लिए मुआवजा देने की मांग की है.
थानाध्यक्ष त्रिपुरारी कुमार राय ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
यह भी पढ़ें
मोतीपुर में बूढ़ी गंडक नदी से अज्ञात महिला का शव बरामद, पहचान की कोशिश में जुटी पुलिस
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए