मुंगेर यूनिवर्सिटी में शिक्षक प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू : 60 आवेदनों की जांच के लिए दो दिन बैठेगी स्क्रीनिंग कमेटी
मुंगेर विश्वविद्यालय | Prabhat Khabar Network
मुंगेर विश्वविद्यालय ने शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और बांग्ला के 60 शिक्षकों के आवेदनों की जांच की जा रही है.
मुंगेर : मुंगेर विश्वविद्यालय (MU) ने लंबे इंतजार के बाद शिक्षकों की पदोन्नति (प्रमोशन) प्रक्रिया को गति दे दी है. साल 2024 में प्रमोशन से वंचित रह गए अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और बांग्ला विषय के शिक्षकों के साथ-साथ बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) के माध्यम से वर्ष 2019 और 2020 में योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई है. इसके लिए विश्वविद्यालय मुख्यालय में सोमवार (26 अक्टूबर) और मंगलवार (27 अक्टूबर) को दो दिवसीय स्क्रीनिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है.
कुलपति प्रो. संजय कुमार कर रहे हैं बैठक की अध्यक्षता
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजय कुमार कर रहे हैं. बैठक के दौरान प्रमोशन के लिए प्राप्त लगभग 60 आवेदनों के दस्तावेजों, शैक्षणिक अहर्ता, शोध कार्यों और सेवा शर्तों की गहन जांच की जाएगी. समिति द्वारा अहर्ता की जांच पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के तहत योग्य शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी.
एक साल बाद शुरू हुई प्रक्रिया, शिक्षकों में जगी उम्मीद
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में संपन्न हुई प्रमोशन प्रक्रिया के दौरान अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और बांग्ला विषय के कई शिक्षक तकनीकी कारणों से प्रमोशन पाने से वंचित रह गए थे. इसके बाद मुंगेर विश्वविद्यालय प्रशासन ने नवंबर 2025 में इन वंचित शिक्षकों सहित वर्ष 2019 और 2020 में नियुक्त उन प्राध्यापकों से आवेदन मांगे थे, जिन्होंने पदोन्नति के लिए अनिवार्य 4 वर्ष की सेवा अहर्ता पूरी कर ली थी.
विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत व संबद्ध कॉलेजों से लगभग 60 शिक्षकों ने प्रमोशन के लिए अपने आवेदन जमा किए थे. हालांकि, आवेदन जमा होने के बाद करीब एक वर्ष तक प्रक्रिया रुकी रही. अब विश्वविद्यालय द्वारा औपचारिक रूप से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक बुलाकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने से वर्षों से अपनी पदोन्नति का इंतजार कर रहे शिक्षकों में एक बार फिर उम्मीद की नई किरण जगी है.
आपके शहर में
Loading Review Hub...
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
