25 नवंबर तक चलेगा युवा जोश सप्ताह, स्कूल-कॉलेजों में होंगी 3 प्रतियोगिताएं, अभिभावकों से भी लिया जाएगा शपथ पत्र

Updated:
विज्ञापन

स्कूल-कॉलेजों में आयोजित प्रतियोगिताएं (सांकेतिक तस्वीर)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

नशामुक्ति अभियान 2026 के तहत पूर्वी चंपारण में स्कूल-कॉलेजों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा.

विज्ञापन

Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले में नशामुक्ति अभियान-2026 को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिक्षा विभाग और मद्य निषेध विभाग ने तैयारी तेज कर दी है. अभियान के तहत जिले के सभी उच्च विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें छात्र-छात्राओं को भाषण, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा. साथ ही अभिभावकों को भी इस अभियान से जोड़ने की योजना है.

विज्ञापन

शिक्षा विभाग के अपर सचिव-सह-निदेशक (जन शिक्षा) सज्जन आर. और आयुक्त उत्पाद दिव्या शक्ति की ओर से जारी निर्देशों के आलोक में जिले में यह पहल की जा रही है. इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित करना है.

25 नवंबर तक चलेगा 'युवा जोश' सप्ताह

27 अक्टूबर से चल रहे 'नशामुक्त बिहार अभियान' के तहत चौथे चरण में 'युवा जोश' सप्ताह की शुरुआत की गई है. यह कार्यक्रम 25 नवंबर तक चलेगा. इस दौरान जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में तीन तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.

भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थी 'नशामुक्त समाज: स्वस्थ एवं समृद्ध भविष्य की नींव', 'नशामुक्ति में युवाओं की भूमिका' और 'नशा: व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर प्रभाव' जैसे विषयों पर अपनी बात रखेंगे. वहीं, वाद-विवाद प्रतियोगिता में शिक्षण संस्थानों में नशामुक्ति शिक्षा की अनिवार्यता, सोशल मीडिया की भूमिका और खेल व रचनात्मक गतिविधियों के महत्व जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.

चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थी 'दो राहें-एक चुनाव', 'नशामुक्त गांव की एक सुबह' और 'मेरे सपनों का रंगीन बिहार' जैसे विषयों पर अपनी कल्पना को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे.

स्कूलों की दीवारों पर लिखे जाएंगे नशामुक्ति के संदेश

अभियान के तहत विद्यालय भवनों पर मद्यनिषेध से जुड़े आकर्षक स्लोगन लिखवाए जाएंगे. जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता) को इस संबंध में निर्देश दिया गया है. इसके अलावा विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों से शपथ पत्र भरवाया जाएगा. इसमें अभिभावक स्वयं शराब नहीं पीने और दूसरों को भी शराब नहीं पीने देने का संकल्प लेंगे.

प्रचार रथ और नुक्कड़ नाटक से भी फैलेगी जागरूकता

अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए जिले के दो चिन्हित उच्च विद्यालयों या महाविद्यालयों में नशामुक्ति प्रचार रथ के जरिए लघु फिल्में और डॉक्युमेंट्री दिखाई जाएंगी. प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से कॉलेजों में विशेष जागरूकता सत्र भी आयोजित होंगे.

वहीं, सार्वजनिक स्थलों पर टोला सेवक, तालीमी मरकज और कला जत्था की टीमें नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगी. इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया जाएगा और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया जाएगा.

26 नवंबर को निकलेगी प्रभात फेरी

अभियान के बाद 26 नवंबर को नशामुक्ति दिवस मनाया जाएगा. इस मौके पर स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से सुबह प्रभात फेरी निकाली जाएगी. इसके माध्यम से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन