स्कूल में मिड डे मील बनाते समय लगी आग, ग्रामीणों ने बचाई बच्चों की जान

Updated:
विज्ञापन

आग लगने के बाद जुटे ग्रामीण

मधुबनी के एक प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील बनाते समय गैस चूल्हे में आग लगने से हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई से कोई हताहत नहीं हुआ और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

विज्ञापन

Madhubani News: मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय कष्मा गौड़ में बुधवार को मिड डे मील बनाते समय गैस चूल्हे के नॉब में अचानक आग लग गई. आग लगते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. घटना में कोई छात्र या शिक्षक घायल नहीं हुआ और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची.

आपके शहर में

विज्ञापन

मिड डे मील बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार विद्यालय में छात्रों के लिए मिड डे मील तैयार किया जा रहा था. चावल बन चुका था और सब्जी पकाई जा रही थी. इसी दौरान गैस चूल्हे के नॉब में अचानक आग लग गई. उस समय रसोई के पास चार बच्चे भी मौजूद थे. आग देखते ही रसोइया, शिक्षक और बच्चे घबराकर बाहर निकल गए.

ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सुतली के बोरे से आग को ढंककर उस पर काबू पा लिया. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था.

घरेलू सिलेंडर से बन रहा था मिड डे मील

घटना के बाद विभागीय लापरवाही भी सामने आई. विद्यालय में कॉमर्शियल सिलेंडर की जगह घरेलू गैस सिलेंडर से मिड डे मील बनाया जा रहा था. वहीं स्कूल परिसर में दो वर्षों से किचन रूम का निर्माण अधूरा पड़ा है. ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल में मौजूद अग्निशमन यंत्र एक्सपायर हो चुके हैं और उपयोग के लायक नहीं हैं.

प्रभारी प्रधानाध्यापक ने क्या कहा

विद्यालय में पहली से पांचवीं कक्षा तक 54 छात्र नामांकित हैं और तीन शिक्षक कार्यरत हैं. प्रभारी प्रधानाध्यापक पूनम देवी ने बताया कि गैस एजेंसी ने कॉमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने पर घरेलू सिलेंडर दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि गैस एजेंसी की ओर से गैस चूल्हा, रेगुलेटर और अन्य उपकरणों की नियमित जांच नहीं की जाती है.

यह भी पढ़ें: बेनीपट्टी के गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी, ई-पोर्टल से शुरू हुआ सदस्यता आवेदन


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन