मधुबनी: बासोपट्टी में पुलिस पर पथराव मामले में 12 गिरफ्तार, 18 नामजद पर प्राथमिकी
बासोपट्टी थाना पर पकड़े गए अभियुक्त | Prabhat Khabar Network
बासोपट्टी में अवैध शराब पर पुलिस की छापेमारी के दौरान पथराव हुआ. घटना में 12 लोग गिरफ्तार हुए हैं और 18 पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
मधुबनी: बासोपट्टी थाना क्षेत्र के बुंदेलखंड गांव में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम के वाहन पर पथराव के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पीटीसी दिनेश कुमार के लिखित आवेदन पर बासोपट्टी थाना में 18 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है. इसके अलावा करीब 25 से 30 अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है.
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें 11 पुरुष और एक महिला शामिल हैं.
शराब बरामदगी के बाद पुलिस टीम से हाथापाई
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की शाम गश्ती टीम को बुंदेलखंड गांव में एक दुकानदार द्वारा देसी शराब बेचे जाने की सूचना मिली. वरीय पदाधिकारी को सूचना देने और निर्देश प्राप्त करने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित दुकान पर छापेमारी की. इस दौरान शराब बरामद की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस गश्ती वाहन से ले जाने के दौरान करीब 25 से 30 लोग मौके पर जुट गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम के साथ हाथापाई की और गिरफ्तार आरोपियों को छुड़ा लिया. इसके बाद पुलिस वाहन पर पत्थरबाजी की गई, जिससे वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया.
विशेष टीम ने 12 लोगों को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर जयनगर के एसडीपीओ सदानंद कुमार और अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जयनगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई.
टीम ने घटना में संलिप्तता के आरोप में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार लोगों में संपत सहनी, नरेश सहनी, लाल सहनी, चलितर सहनी और जोगेंद्र सहनी, राकेश सहनी सहित अन्य लोग शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों में पांच नाबालिग भी हैं. उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है.
अज्ञात लोगों की पहचान में जुटी पुलिस
जयनगर के एसडीपीओ सदानंद कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए