मधेपुरा: आलमनगर में 4 दिनों से लापता 19 वर्षीय युवती का मिला शव, बांस के बगीचे में टंगा देख फैली सनसनी; हत्या की आशंका

Updated:
विज्ञापन

शव के पास जांच पड़ताल करती पुलिस  | Prabhat Khabar Network

मधेपुरा के आलमनगर में 19 वर्षीय युवती प्रीति का सड़ा-गला शव बहियार के बांस बगीचे में मिलने से सनसनी फैल गई. युवती पिछले चार दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघार पंचायत स्थित वार्ड नंबर 6 कहरटोली बहियार के बांस बगीचे से शनिवार को एक 19 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका पिछले चार दिनों से रहस्यमय तरीके से लापता थी. सूचना मिलते ही आलमनगर थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष गुड़िया कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

4 दिनों से लापता थी युवती, खोजबीन में जुटी थी पुलिस व परिजन

स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों द्वारा मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (19 वर्ष), पिता पंकज राम, निवासी भोला बाबू बासा (सिंघार) के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार, प्रीति पिछले चार दिनों से अचानक लापता हो गई थी. परिवार के लोग अपने स्तर पर लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था. शनिवार की सुबह परिजन कुछ संदिग्ध लोगों के खिलाफ युवती को गायब करने की शिकायत लेकर थाने में आवेदन देने की तैयारी कर रहे थे, तभी बहियार के बांस बगीचे में उसका शव मिलने की हृदयविदारक खबर आ गई.

धारदार हथियार से हत्या कर शव टांगने का आरोप

शव मिलने की सूचना आग की तरह फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों और परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात अपराधियों ने युवती की धारदार हथियार से निर्मम हत्या की है और फिर साक्ष्य छिपाने व मामले को दूसरा रूप देने के लिए शव को बांस में टांग दिया. शव काफी पुराना होने के कारण सड़ी-गली अवस्था में पाया गया है.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (FSL) टीम को मौके पर बुलाया. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्रभारी थानाध्यक्ष गुड़िया कुमारी ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विधिवत आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन