छठ से पहले नगर परिषद की सफाई मुहिम तेज, घाटों से रास्तों तक चला विशेष अभियान
साफ-सफाई करते स्वछताकर्मी. | Prabhat Khabar Network
छठ पूजा से पहले नगर परिषद में सफाई अभियान तेज. छठ घाटों से लेकर शहर के रास्तों तक, विशेष स्वच्छता का कार्य. जानें पूरी जानकारी.
आगामी दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गयी है. पूर्व पार्षद सह सामाजिक कार्यकर्ता ध्यानी यादव और पूर्व पार्षद प्रत्याशी रवीना कुमारी की ओर से सौंपे गये मांग पत्र पर नगर परिषद प्रशासन ने विशेष सफाई अभियान शुरू कराया. कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी के निर्देश पर सफाई कर्मचारियों और एनजीओ कर्मियों ने छठ घाटों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई की.
मांग पत्र मिलने के बाद नगर परिषद ने शुरू कराया अभियान
पूर्व पार्षद ध्यानी यादव और रवीना कुमारी ने कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी तथा मुख्य पार्षद कविता कुमारी साहा को मांग पत्र सौंपा था. इसमें वार्ड संख्या 14 सहित पूरे नगर परिषद क्षेत्र में खराब स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लैंप की मरम्मत कराने, नयी स्ट्रीट लाइट लगाने तथा नालों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने की मांग की गयी थी.
मांग पत्र पर संज्ञान लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया. इसके बाद नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों और कार्यरत एनजीओ के कर्मियों ने अलग-अलग स्थानों पर साफ-सफाई की.
छठ घाटों के साथ पहुंच पथ भी कराये गये साफ
विशेष अभियान के तहत छठ घाटों की सफाई करायी गयी. इसके साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी साफ कर समतल किया गया, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी नहीं हो. पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए साफ-सुथरा वातावरण तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है.
स्वच्छ छठ के लिए नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी
ध्यानी यादव ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी ने छठ घाटों की सफाई से जुड़ी मांग को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल की है. उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ स्वच्छ और सुंदर वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए नगर परिषद प्रशासन के साथ आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है.
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है. नगर परिषद की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने स्ट्रीट लाइट, हाई मास्ट लैंप और नालों की सफाई सहित शेष समस्याओं का भी जल्द समाधान कराने की अपेक्षा जतायी.
मौके पर ध्यानी यादव, सिंटू कुमार, बमबम सिंह, दिवाकर कुमार, सुंदरम कुमार, संजय यादव जमादार, मानव कृष्णमूर्ति, विनोद राम, मो. अनवर, मुकेश राम और दिनेश मल्लिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए