अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ सूर्यगढ़ा, हर-हर महादेव के जयकारे से गूंजा इलाका
गौरी शंकर धाम में पूजा अर्चना करते श्रद्धालू
सावन की अंतिम सोमवारी पर सूर्यगढ़ा क्षेत्र शिव भक्ति के रंग में रंग गया. गौरी शंकर धाम सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिन्होंने भोलेनाथ को जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. अशोक धाम की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी.
सूर्यगढ़ा (लखीसराय) : सावन माह की चौथी और अंतिम सोमवारी पर सोमवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, फल-फूल, धतूरा, बेलपत्र, घी, दही और जल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की. मंदिरों में हर-हर महादेव और जय भोले शंकर के जयकारे गूंजते रहे.
आपके शहर में
गौरी शंकर धाम में उमड़ी भीड़ : सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के रामायण कालीन महत्व वाले प्रसिद्ध गौरी शंकर धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. अल सुबह से ही दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्तों ने जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था.
अशोक धाम की घटना के बाद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : लखीसराय के अशोक धाम में तीसरी सोमवारी को हुई भगदड़ में आठ महिलाओं की मौत के बाद सूर्यगढ़ा के शिवालयों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी. दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गयी. मंदिर कमेटी की ओर से लगातार माइकिंग कर श्रद्धालुओं को व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गयी.
बांस-बल्ले से की गयी बैरिकेडिंग : जिला प्रशासन के निर्देश पर नगर परिषद सूर्यगढ़ा की ओर से गौरी शंकर धाम में टेंट लगाकर बांस की बैरिकेडिंग की गयी. श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था की गयी.
अन्य शिवालयों में भी दिनभर रही चहल-पहल : सूर्यगढ़ा बाजार के भू-कैलाश मंदिर, शहीद स्मृति चौक स्थित शिव महावीर मंदिर, शिव दुर्गा महावीर मंदिर, साकेत धाम ठाकुरबाड़ी और नंदपुर गांव स्थित बुढ़ानाथ मंदिर समेत अन्य शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही. अंतिम सोमवारी का व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए