Watch Video: PM मोदी के दिवंगत पिता पर टिप्पणी का मामला गर्माया! मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लखीसराय कोर्ट में परिवाद दायर
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लखीसराय व्यवहार न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है. प्रधानमंत्री के पिता पर कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने यह कदम उठाया है.
लखीसराय. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता और सनातन संस्कृति के संदर्भ में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने कानूनी कदम उठाया है. शनिवार को भाजपा विधि प्रकोष्ठ की ओर से लखीसराय व्यवहार न्यायालय में कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ परिवाद दायर किया गया. इसमें मामले की न्यायिक समीक्षा कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की गई है.
पटना के कार्यक्रम में कथित टिप्पणी से नाराजगी
भाजपा की ओर से बताया गया कि 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कथित तौर पर ऐसी टिप्पणी की थी, जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं. भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी के दिवंगत परिजनों के सम्मान को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है.
राजनीतिक विरोध की आड़ में अमर्यादित भाषा का आरोप
भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक एवं अधिवक्ता वासुकी सिंह ने कहा कि राजनीतिक विरोध की आड़ में प्रधानमंत्री और सनातन संस्कृति के संदर्भ में अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत करने वाला है. उन्होंने बताया कि इसी मामले को लेकर लखीसराय व्यवहार न्यायालय में परिवाद दायर किया गया है, ताकि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष न्यायिक समीक्षा हो सके और विधि सम्मत कार्रवाई की जा सके.
भाजपा के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
परिवाद दायर करने के दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौतम मंडल, जिला मंत्री अभिषेक सिंह तथा भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं अधिवक्ता विजय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए