Watch video: काशी के आचार्य कराएंगे महाआरती, जलेंगे 15 हजार से अधिक दीप! लखीसराय में दीपोत्सव की तैयारियां तेज
लखीसराय में 7 नवंबर को 15,501 दीपों से मां दुर्गा का दरबार जगमगाएगा. हलसी में भव्य सामूहिक दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं.
लखीसराय, हलसी. प्रखंड मुख्यालय स्थित श्री श्री 108 मां मनोकामना सिद्ध वैष्णवी दुर्गा मंदिर परिसर में सात नवंबर को भव्य सामूहिक दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान मंदिर परिसर 15,501 दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा. दीपोत्सव को लेकर दुर्गा पूजा समिति के कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं. आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.
तीन वर्षों से लगातार हो रहा सामूहिक दीपोत्सव
दीपोत्सव की तैयारी के तहत मंदिर परिसर की साफ-सफाई, मिट्टी के दीयों, तिल के तेल और पूजन सामग्री की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है. श्रद्धालु भी आयोजन को सफल बनाने के लिए बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं. इस संबंध में हलसी मुखिया प्रतिनिधि संतोष कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर में पिछले तीन वर्षों से लगातार सामूहिक दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष भी इसे भव्य रूप देने की तैयारी की जा रही है.
महाआरती के बाद प्रज्वलित होंगे 15,501 दीप
संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार की संध्या छह बजे वाराणसी से पधार रहे आचार्य गोपाल पंडित कौशिक के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सबसे पहले महाआरती की जाएगी. इसके बाद सामूहिक रूप से 15,501 दीप प्रज्वलित किए जाएंगे. इस दौरान मां वैष्णवी का दरबार दीपों की रोशनी से आलोकित होगा.
सामाजिक एकता और सहभागिता का संदेश
संतोष कुमार ने कहा कि दीपोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना है. इस आयोजन में प्रखंड के सभी प्रबुद्ध नागरिकों और श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है. वहीं, समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दीपोत्सव में शामिल होने की अपील की है. सामूहिक दीप प्रज्वलन के इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए