अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

Published by : AWADHESH KUMAR Updated At : 14 Feb 2026 6:10 PM

विज्ञापन

अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

विज्ञापन

पोठिया पुलिस की मॉर्निंग गश्ती के दौरान कार्रवाई, 100 सीएफटी बालू के साथ वाहन थाना लाया गया

पहाड़कट्टा. पोठिया थाना पुलिस ने शनिवार को अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. मॉर्निंग गश्ती के दौरान पुलिस ने रमनियापोखर गांव के समीप अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. इस कार्रवाई से क्षेत्र के बालू कारोबारियों और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह गश्ती दल रमनियापोखर के पास से गुजर रहा था. इसी दौरान एक बालू लदे ट्रैक्टर को संदेह के आधार पर रोका गया. ट्रैक्टर पर लगभग 100 सीएफटी बालू लदा था. जब पुलिस पदाधिकारी ने ट्रैक्टर चालक से बालू के उठाव व परिवहन से संबंधित माइनिंग चालान या वैध कागजात की मांग की, तो चालक मौके पर कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. वैध कागजात नहीं होने के कारण पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और उसे पोठिया थाना परिसर ले आयी. थानाध्यक्ष अंजय अमन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. जब्त ट्रैक्टर की सूचना खनन विभाग को दे दी गयी है ताकि अग्रेतर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पोठिया थाना क्षेत्र की सभी प्रमुख सड़कों पर वाहनों की सघन जांच जारी है. अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए गश्ती दल को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से जांच अभियान चलाएं. थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन के खेल में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन