माधवपुर पंचायत में जलजमाव व कीचड़ से जनजीवन बेहाल, स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी

Updated:
विज्ञापन

किचड़ से होकर गुजरते बच्चे | Prabhat Khabar Network

परबत्ता प्रखंड के विष्णुपुर गांव में जलजमाव और कीचड़ की समस्या ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. हल्की बारिश से भी मुख्य सड़क पर चलना दूभर हो जाता है, खासकर स्कूली बच्चों के लिए यह एक बड़ी चुनौती है. ग्रामीण स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

खगड़िया : परबत्ता प्रखंड की माधवपुर पंचायत स्थित विष्णुपुर गांव में जलजमाव और कीचड़ की समस्या ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. हल्की बारिश के बाद ही गांव की मुख्य सड़क झीलनुमा हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है. सड़क पर फैले कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाढ़ के बाद भी नहीं सुधरती सड़क की हालत

ग्रामीण निर्मल कुमार ने बताया कि विष्णुपुर गांव और आसपास का इलाका हर वर्ष करीब तीन महीने तक बाढ़ की चपेट में रहता है. बाढ़ का पानी उतरने के बाद भी सड़क की स्थिति सामान्य नहीं हो पाती. हल्की बारिश होते ही सड़क फिर जलमग्न हो जाती है और कीचड़ फैल जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है.

स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार को भी दर्जनों स्कूली बच्चे कीचड़ और जलजमाव से भरे रास्ते से होकर विद्यालय पहुंचे. कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा रहने से फिसलकर गिरने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. बीमार व्यक्ति या आपात स्थिति में भी वाहन गांव तक पहुंचने से कतराते हैं, जिससे लोगों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है.

जलनिकासी नहीं होने से बढ़ी मुश्किल

ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हल्की बारिश के बाद भी मुख्य सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है. कीचड़ और जलजमाव के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए बाहर निकलने में कठिनाई होती है और कई बार घरों में ही रहने को मजबूर होना पड़ता है.

ग्रामीणों ने की स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य और विधायक से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ. उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विष्णुपुर गांव के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके.

और पढ़ें : दो दशक का इंतजार खत्म: मोरकाही थाना को मिला नए भवन का तोहफा, एसपी ने किया शिलान्यास


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन