पसराहा पुलिस ने नशा मुक्ति के लिए निकाली जन-जागरूकता रैली

Updated:
विज्ञापन

बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अवसर पर जन-जन तक सुरक्षा और सुधार का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से पसराहा थाना पुलिस ने विभिन्न गांवों में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली.

विज्ञापन

पसराहा. बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के अवसर पर जन-जन तक सुरक्षा और सुधार का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से पसराहा थाना पुलिस ने विभिन्न गांवों में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली. इस रैली का नेतृत्व थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने किया. अभियान के दौरान पुलिस ने मध्य विद्यालय पीरपांती में आयोजित बैठक के दौरान स्थानीय महिलाओं और बुजुर्गों से सीधा संवाद भी किया. ग्रामीणों को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि यह पारिवारिक कलह और अपराध की मुख्य जड़ भी है. उन्होंने महिलाओं से अपने घर और परिवेश को नशामुक्त बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की. साथ ही, बुजुर्गों के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने सामाजिक मूल्यों की पुनर्स्थापना और युवाओं को सही दिशा दिखाने पर जोर दिया. बैठक के दौरान महिलाओं ने थानाध्यक्ष को अवगत कराया कि स्कूल के जर्जर भवन में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा नशा किया जाता है. इस पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने स्पष्ट किया कि पुलिस की गश्त तेज की जाएगी और पकड़े जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी. इस जागरूकता रैली का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना, मादक पदार्थों के खिलाफ सामाजिक चेतना जगाना और ग्रामीणों में यह विश्वास पैदा करना है कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है. इस अवसर पर पंचायत के सरपंच चंदेशरी यादव, वार्ड पंच विजय कुमार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं और पुरुषों ने भाग लेकर पुलिस की इस पहल की सराहना की.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन