राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले के 10 छात्र दिखाएंगे प्रतिभा, 1 नवंबर से बेगूसराय में प्रतियोगिता
फोटो- राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जाते छात्र | Prabhat Khabar Network
खगड़िया के 10 मेधावी छात्र 1-3 नवंबर तक बेगूसराय में होने वाली राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. यह मंच वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देता है.
खगड़िया. 32वीं राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 में खगड़िया जिले के 10 मेधावी छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है. प्रतियोगिता 1 से 3 नवंबर तक माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय में आयोजित होगी. चयनित विद्यार्थी अपने विज्ञान प्रोजेक्ट के माध्यम से जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे. बिहार शिक्षा परियोजना के निर्देश पर आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न उपविषयों और परियोजना शीर्षकों के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया गया. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) की ओर से जारी कार्यालय आदेश में चयनित विद्यार्थियों के साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की जिम्मेदारी भी तय की गई है.
च्वाइस एजुकेशन के तीन विद्यार्थियों का चयन
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों में च्वाइस एजुकेशन के तीन छात्र-छात्राएं भाग्यश्री, लव कुमार और धर्मराज कुमार शामिल हैं. एक ही संस्थान के तीन विद्यार्थियों का चयन होना संस्थान के लिए उपलब्धि है. इसके अलावा अवन्तिका (उच्च विद्यालय कन्हैयाचक, परबत्ता), पूजा कुमारी (प्लस टू उच्च विद्यालय कन्हैयाचक), लक्की राज (मध्य विद्यालय करणा), शुभम कुमारी (एससी उच्च विद्यालय, लाभगांव जलकौड़ा), खुशी कुमारी (एएन इंटर विद्यालय, रानीसकरपुरा), पूजा कुमारी (टीएनएम बालिका उच्च विद्यालय, शिरनिया) और शिवानी कुमारी (उच्च विद्यालय पचौठ, बेलदौर) का भी चयन हुआ है.
चार शिक्षकों को सौंपी गई एस्कॉर्ट की जिम्मेदारी
चयनित विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से प्रतियोगिता स्थल तक पहुंचाने और वहां मार्गदर्शन देने के लिए चार शिक्षकों को एस्कॉर्ट शिक्षक के रूप में नामित किया गया है. इनमें मो. सहजाद अहसन (एससी उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाभगांव), आरती कुमारी (उच्च माध्यमिक विद्यालय, मथुरापुर), गौतम कुमार (च्वाइस एजुकेशन) और श्वाती सुमन (टीएनएम उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिरनियां) शामिल हैं. इन शिक्षकों को सभी चयनित प्रतिभागियों को 31 अक्टूबर की संध्या तक बेगूसराय स्थित आयोजन स्थल पर पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है. प्रतियोगिता के दौरान भी शिक्षक विद्यार्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन देंगे.
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देती है बाल विज्ञान कांग्रेस
बाल विज्ञान कांग्रेस की जिला समन्वयक सह उच्च माध्यमिक विद्यालय मथुरापुर की प्रधानाध्यापिका अनुराधा कुमारी पीएलसी ने कहा कि बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और अनुसंधान की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है. उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी अपने वैज्ञानिक विचारों और नवाचारों को राज्य स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है. जिले के 10 विद्यार्थियों का चयन होने से शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है. अब सभी की निगाहें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
