खगड़िया: मॉर्निंग वॉक पर निकले पति-पत्नी को बाइक ने रौंदा, पति की मौत, NH-107 जाम
दुर्घटनाग्रस्त बाइक | Prabhat Khabar Network
खगड़िया में मॉर्निंग वॉक पर निकले पति-पत्नी को तेज रफ्तार बाइक ने रौंद दिया. पति की मौके पर मौत, पत्नी गंभीर. NH-107 पर मुआवजे की मांग को लेकर जाम.
खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी तेलौंछ के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (एनएच-107) पर रविवार की सुबह करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. अहले सुबह मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) पर निकले पति-पत्नी को अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही हैं. टक्कर मारने के बाद बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया.
संजय कुमार सिंह की मौत, पत्नी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती
मृतक की शिनाख्त छोटी तेलौंछ गांव निवासी संजय कुमार सिंह के रूप में हुई है. स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार की सुबह संजय कुमार सिंह अपनी पत्नी पुनीता देवी के साथ नियमित दिनचर्या के तहत एनएच-107 के किनारे टहल रहे थे. इसी दौरान एक तेज गति से आ रही अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने दोनों को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों पति-पत्नी उछलकर दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए महेशखूंट स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद संजय कुमार सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से जख्मी पत्नी पुनीता देवी की नाजुक हालत को देखते हुए गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका सघन उपचार जारी है.

बाइक चालक भी जख्मी, सदर अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस गश्ती टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने सड़क पर गंभीर हालत में पड़े घायल बाइक चालक को तत्काल चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया.
ठेरवा के समीप एनएच-107 जाम, वाहनों की लगी लंबी कतार
संजय कुमार सिंह की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित ग्रामीणों ने ठेरवा मोड़ के समीप एनएच-107 पर बांस-बल्ले लगाकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और राहगीरों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा.
घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार, सब इंस्पेक्टर (एसआई) अभिमन्यु कुमार सिंह और कुंदन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस पदाधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की तथा सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया.
तीन संतानों के सिर से उठा पिता का साया, गांव में शोक
संजय कुमार सिंह का शव पोस्टमार्टम प्रक्रिया के बाद छोटी तेलौंछ स्थित उनके घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. एक ओर जहां पिता की असमय मौत से परिवार बिखर गया है, वहीं दूसरी ओर मां की नाजुक हालत ने पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. मृतक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से असमय पिता का साया छिन गया.
घटना की सूचना पाकर मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार शर्मा सहित दर्जनों गणमान्य लोग शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया. चौथम पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है और मामले की अग्रतर कानूनी जांच में जुटी है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

